LOADING...
राजेश शर्मा को शूटिंग के दौरान कीड़े ने काटा, गंभीर हालत में अस्पताल में हुए भर्ती
अभिनेता राजेश शर्मा अस्पताल में भर्ती

राजेश शर्मा को शूटिंग के दौरान कीड़े ने काटा, गंभीर हालत में अस्पताल में हुए भर्ती

Jul 08, 2026
06:33 pm

क्या है खबर?

कंगना रनौत की फिल्म 'तनु वेड्स मनु' और 'पाताल लोक' में नजर आए अभिनेता राजेश शर्मा अपने स्वास्थ्य को लेकर अचानक चर्चा में आ गए हैं। बताया जा रहा है कि रामोजी फिल्म सिटी में प्रभास अभिनीत फिल्म की शूटिंग करते हुए उन्हें एक कीड़े ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। अभिनेता को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी ने बताया कि राजेश तेज बुखार, सांस लेने में तकलीफ और संक्रमण से जूझ रहे हैं।

स्वास्थ्य

कोलकाता जाते वक्त बिगड़ गई तबीयत

अभिनेत्री ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि कीड़े के काटने पर अभिनेता ने पहले गौर नहीं किया। फिर कोलकाता जाने वाली फ्लाइट में चढ़ते समय उनकी हालत बिगड़ गई। संक्रमण उनके दाहिने पैर की उंगलियों से लेकर घुटने तक फैल चुका है और प्रभावित हिस्से पर बड़े-बड़े छाले पड़ गए हैं। उन्होंने बताया कि डॉ अविजित भट्टाचार्य के अनुसार, अभी कोई निश्चित आंकलन करना जल्दबाजी होगी। उनकी कड़ी निगरानी की जारी है। वह अभी खतरे से बाहर नहीं है।

आशंका

संक्रमण फेफड़ों तक पहुंचने का हो सकता है खतरा

अभिनेत्री ने बताया कि डॉ राजेश की सावधानीपूर्वक निगरानी कर रहे हैं, क्योंकि आशंका है कि जटिलताओं के कारण खून का थक्का बन सकता है, जो फेफड़ों तक पहुंचने पर जानलेवा साबित हो सकता है। अस्पताल की टीम द्वारा आधिकारिक मूल्यांकन करने के बाद चिकित्सा संबंधी अपडेट साझा किया जाएगा। सुदीपा ने अभिनेता के दोस्तों और शुभचिंतकों का प्यार व दुआओं के लिए आभार जताया। इसके अलावा, प्रोसेनजीत चटर्जी को धन्यवाद दिया, जो मुश्किल वक्त में सहारा बने हुए हैं।

Advertisement