महात्मा गांधी पर बन रही फिल्म 'गांधी' पर प्रतीक बोले- मैं उनकी गहराई में उतरना चाहता हूं
हंसल मेहता की आने वाले बायोग्राफिकल ड्रामा फिल्म 'गांधी' में अभिनेता प्रतीक गांधी महात्मा गांधी का किरदार निभा रहे हैं।
यह शो गांधीजी की सिर्फ प्रचलित छवि तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि उनके मानवीय पहलू को भी दर्शकों के सामने लाना चाहता है।
जटिल किरदारों को तरजीह देते हैं प्रतीक
प्रतीक ने बताया कि वह गांधीजी को सिर्फ एक ऐतिहासिक शख्सियत के तौर पर दिखाने के बजाय उनकी गहराई में उतरना चाहते हैं।
उनका मकसद गांधीजी के मानवीय पक्ष को सामने लाना है। वह कहते हैं, "अगर मैं उन्हें पहले से ही 'महात्मा' मानकर अभिनय करने लगूं, तो किरदार एक ही पहलू वाला बन जाएगा। दर्शकों को उसमें कुछ भी नया देखने को नहीं मिलेगा। तब तो यह सिर्फ एक दस्तावेज या पुरानी घटनाओं को दोहराने जैसा ही लगेगा।"
ज्योतिराव फुले जैसे बड़े किरदारों को निभाने के लिए जाने जाने वाले प्रतीक के लिए किसी मशहूर शख्सियत की भूमिका निभाना कोई नई बात नहीं है।
हालांकि, वह हमेशा किरदारों की अंदरूनी जटिलताओं को तलाशना पसंद करते हैं।