आमिर खान के भाई पर ईवा ग्रोवर का आरोप- 5 साल तक पिए खून के आंसू
क्या है खबर?
मशहूर टीवी अभिनेत्री ईवा ग्रोवर ने अपनी निजी जिंदगी, टूटी शादी और घरेलू हिंसा को लेकर कई हैरान करने वाले खुलासे किए हैं। एक हालिया इंटरव्यू में अपने दर्द को बयां करते हुए ईवा ने बताया कि उन्होंने बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के सौतेले भाई हैदर अली खान को सिर्फ 18 दिन डेट करने के बाद जल्दबाजी में शादी कर ली थी, लेकिन उनका ये फैसला उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल साबित हुआ। क्या बोलीं ईवा, आइए जानते हैं।
दर्द
सपना देखा था खुशहाल जिंदगी का, मिली सिर्फ हिंसा और प्रताड़ना
विक्की लालवानी के साथ हुई इस हालिया बातचीत में ईवा ने अपने दिल का हाल बयां करते हुए कहा कि वो हमेशा से शादी के खूबसूरत अहसास और उसकी पवित्रता से बेहद प्यार करती थीं। उन्होंने हमेशा एक खुशहाल शादीशुदा जिंदगी का सपना देखा था, लेकिन उनका ये सपना तब पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जब शादी के तुरंत बाद ही उनका यह रिश्ता बेहद हिंसक और प्रताड़ना से भरा बन गया।
प्रताड़ना
मां बनने के बाद भी नहीं थमा पति का जुल्म
ईवा ने बताया कि इस हिंसक शादी को बचाने के लिए उन्होंने पूरे 5 साल तक खून के आंसू पिए। रिश्ता सुधारने की उम्मीद में शादी के 4 साल बाद उन्होंने बच्चा पैदा किया, लेकिन उसके आने के बाद भी पति का जुल्म और हालात नहीं बदले। आखिरकार मां बनने के बाद जब सहनशीलता की सीमा टूट गई तो ईवा अपने नवजात बच्चे के साथ हमेशा के लिए वो घर छोड़ गई।
आपबीती
18 दिन का रिश्ता और जिंदगी भर का दर्द!
ईवा ने बताया, "सच ये है कि मैंने उसे सिर्फ 18 दिन डेट किया था। महज 18 दिनों में आप किसी इंसान को कभी नहीं समझ सकते। आज जब मैं पीछे मुड़कर देखती हूं तो मुझे लगता है कि सारा दोष सिर्फ उसका नहीं था, बल्कि कुछ गलती मेरी भी थी, क्योंकि मैंने बहुत जल्दबाजी कर दी थी। उसने मुझे प्रपोज किया और मैंने अपनी मां या किसी और की बात सुने बिना उसके साथ भागने का फैसला कर लिया।"
प्यार
"प्यार में अंधी होकर 19वें दिन भाग गई"
अभिनेत्री बोलीं, "उस वक्त मेरा करियर तेजी से ऊंचाइयों को छू रहा था। हम अलग-अलग धर्मों के थे, लेकिन प्यार का भूत ऐसा सवार था कि 19वें दिन सब कुछ छोड़-छाड़कर उसके साथ भाग गई और हमने शादी कर ली।" शादी के तुरंत बाद ईवा को अहसास हो गया कि उनका पति वो इंसान नहीं था जैसा उन्होंने सोचा था। पति के बेकाबू गुस्से और खौफनाक आक्रामकता ने उनकी जिंदगी बदल दी, जिसका उन्होंने पहले कभी सामना नहीं किया था।
हमदर्द
ससुराल वाले बने सहारा
ईवा ने ये भी बताया कि आमिर के पिता ताहिर हुसैन ने उनके बेटे हैदर की परवरिश में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि ताहिर बेहद नेक इंसान थे और उनकी शादीशुदा जिंदगी के हालात सुनकर वो अक्सर भावुक हो जाते थे। ईवा ने अपनी पूर्व सास की भी तारीफ करते हुए उन्हें सोने के दिल वाली महिला बताया। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में ससुराल के इन लोगों से उन्हें सम्मान और सहारा मिला।