ऑपरेशन नमखोर मामले में दुलकर सलमान से फिर हुई पूछताछ, कस्टम को इस चीज का हुआ शक
कस्टम अधिकारियों ने अभिनेता दुलकर सलमान को एक बार फिर पूछताछ के लिए बुलाया है। यह 'ऑपरेशन नमखोर' नाम की एक जांच का हिस्सा है, जो भूटान से फर्जी रजिस्ट्रेशन के जरिए लाई गई लग्जरी कारों की तस्करी से जुड़ी है।
इससे पहले भी अभिनेता से 7 घंटे तक पूछताछ हो चुकी है। उस दौरान उनकी 4 महंगी गाड़ियां जब्त की गई थीं।
केरलम में उनके घर समेत कई जगहों पर तलाशी ली गई थी।
सलमान से दस्तावेज मांग रहे हैं कस्टम अधिकारी
दुलकर के पिछले बयान की जांच करने के बाद कस्टम अधिकारियों को शक है कि उनका संबंध तस्करी की गई कुछ और कारों से भी हो सकता है। इसी वजह से वे दुलकर से कुछ और दस्तावेज मांग रहे हैं।
दुलकर का कहना है कि उन्होंने जो गाड़ियां खरीदीं, वे सभी वैध थीं और पैसे बैंक ट्रांसफर के जरिए दिए गए थे। उन्होंने जांचकर्ताओं को पूरा सहयोग देने का वादा किया है। अभी तक दुलकर को न तो आरोपी बनाया गया है और न ही उन पर कोई मामला दर्ज हुआ है।
इस जांच में भूटान के कस्टम अधिकारी भी शामिल हो गए हैं। वे कुल 37 ऐसी कारों की तलाश कर रहे हैं, जिन पर तस्करी का आरोप है। दुलकर के पास से जो गाड़ियां जब्त की गई हैं, उनमें लैंड रोवर डिफेंडर, टोयोेटा लैंड क्रूजर और निसान पेट्रोल शामिल हैं।
जांचकर्ताओं की अब यही कोशिश है कि और फर्जी रजिस्ट्रेशन का पता चले और इस गैर-कानूनी धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ मजबूत केस बनाया जा सके।