धनुष की अगली फिल्म 'D56' की शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले एक बड़ी परेशानी सामने आ गई थी। तमिल निर्देशक तमिझारासन पचमुथु के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की शूटिंग बकाया पैसों के विवाद के कारण अटक गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोड्यूसर काउंसिल ने इस मामले के चलते फिल्म को जरूरी अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इस वजह से शूटिंग के लिए टेक्नीशियन और उपकरण समय पर सेट तक नहीं पहुंच सके। हालांकि, धनुष के लिखित आश्वासन के बाद काउंसिल ने अनुमति दे दी। निर्माताओं को समझौते की रकम देने के बाद फिल्म की शूटिंग दोबारा शुरू हो गई।
कब रिलीज होगी फिल्म?
धनुष की फिल्म 'D56' की शुरुआत तमिलनाडु के मदुरै में पूजा समारोह के साथ हुई। तमिझारासन पचमुथु के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में प्रीति मुकुंदन, एसजे सूर्या, वडिवेलु, विजय कुमार और बाल कलाकार साई पृथ्वीराज अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत साई अभ्यंकर तैयार कर रहे हैं। इसे सितारा एंटरटेनमेंट्स, प्राइमर्क प्रोडक्शंस और श्रीकरा स्टूडियोज मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म 2027 की गर्मियों में सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है।