Page Loader
इन सुपरहिट फिल्मों को ठुकरा चुके हैं अभिनेता आमिर खान
इन सुपरहिट फिल्मों को ठुकरा चुके हैं आमिर

इन सुपरहिट फिल्मों को ठुकरा चुके हैं अभिनेता आमिर खान

Aug 09, 2022
12:16 pm

क्या है खबर?

आमिर खान काफी समय बाद 'लाल सिंह चड्ढा' से फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। वह आखिरी बार 2018 में आई फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' में मुख्य भूमिका में दिखे थे। आमिर एक के बाद एक कई हिट फिल्में दे चुके हैं। इसमें भी कोई दो राय नहीं है कि वह कुछ वजहों से कई फिल्मों का ऑफर ठुकरा देते हैं। आइए उन सुपरहिट फिल्मों पर नजर डालते हैं, जिसे आमिर ने रिजेक्ट कर दिया था।

#1

हम आपके हैं कौन

'हम आपके हैं कौन' ने सलमान खान की किस्मत चमका दी थी। फिल्म में प्रेम का रोल निभाकर वह दर्शकों के दिलों पर छा गए थे। फिल्म 1994 में बड़े पर्दे पर आई थी। खबरों की मानें तो इस फिल्म के लिए निर्देशक सूरज बड़जात्या की पहली पसंद आमिर ही थे। उनके मना करने के बाद यह फिल्म सलमान की झोली में गई। यह पहली बॉलीवुड फिल्म थी, जिसने भारत में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी।

#2

दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे

अभिनेता शाहरुख खान को 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' ने बॉलीवुड में नया मुकाम दिया। इस फिल्म ने उनकी रोमांटिक छवि को गढ़ने में मदद की। आदित्य चोपड़ा के निर्देशन की यह फिल्म 1995 में रिलीज हुई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 113 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। कहा जाता है कि शुरुआत में आदित्य ने आमिर को ही राज का किरदार ऑफर किया था। हालांकि, उन्हें यह भूमिका पसंद नहीं आई थी।

#3

बजरंगी भाईजान

सलमान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बजरंगी भाईजान' के लिए मेकर्स पहले आमिर को कास्ट करना चाहते थे। निर्देशक कबीर खान की इच्छा थी कि आमिर इसमें मुख्य भूमिका निभाएं। इस फिल्म के लिए भी आमिर ने अपनी हामी नहीं भरी थी। इसके बाद सलमान के खाते में यह फिल्म गई और इसने सिनेमाघरों में इतिहास रच दिया। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 321 करोड़ रुपये बटोरे थे। 'बजरंगी भाईजान' 2015 में रिलीज हुई थी।

#4

साजन

'साजन' के गाने आज भी लोगों की जुबां पर हैं। यह अपने दौर की सुपरहिट फिल्म थी। फिल्म 1991 में बड़े पर्दे पर आई थी। कहा जाता है कि यह 1991 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक थी। इसने 33 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। खबरों की मानें तो इस फिल्म के मेकर्स सलमान और आमिर दोनों को लेना चाहते थे। आमिर के ऑफर ठुकराने के बाद फिल्म में संजय दत्त की एंट्री हुई।