कॉमेडियन गौरव गुप्ता दर्शकों से बातचीत को लेकर विवादों में घिरे, जानें पूरा मामला?
कॉमेडियन गौरव गुप्ता इन दिनों सवालों के घेरे में हैं। दरअसल उनकी स्टैंडअप एक्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
इस क्लिप में गौरव ने एक महिला दर्शक को 'यादवनी' नाम से पुकारा। महिला के असहज होने के बावजूद उन्होंने उसके सरनेम का जिक्र किया।
इतना ही नहीं, गौरव ने महिला के बोलने के अंदाज, उसके रहन-सहन और पति का भी मजाक बनाया।
कई लोगों को लगा कि उन्होंने मजाक की सीमा लांघकर व्यक्तिगत अपमान किया है। इस घटना ने एक नई बहस छेड़ दी है कि कॉमेडी में मजाक की हद क्या होनी चाहिए।
अरुण ने गौरव को घेरा, लोगों की बंटी राय
इस घटना पर लोगों की राय बंट गई है। कुछ लोग गौरव के सीधे-सादे अंदाज को लाइव कॉमेडी का हिस्सा मानकर उनका बचाव कर रहे हैं। वहीं, कुछ का कहना है कि इस तरह किसी व्यक्ति को निशाना बनाना सही नहीं है।
यहां तक कि IPS अधिकारी अरुण बोथरा जैसे वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उनकी आलोचना की है। यह विवाद हाल ही में कॉमेडियन प्रणित मोरे से जुड़े ऐसे ही कई विवादों के बाद आया है।
इसने एक बार फिर से यह सवाल उठा दिया है कि स्टैंडअप कॉमेडियन को अपने दर्शकों के साथ बातचीत करते समय कितनी दूर तक जाना चाहिए।