अगला जेम्स बॉन्ड कौन? इंडस्ट्री का बड़ा दावा, अभिनेता लगभग तय
जेम्स बॉन्ड के चाहने वालों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। अगले 007 की कास्टिंग अब करीब-करीब खत्म हो चुकी है। इंडस्ट्री से मिली जानकारी के मुताबिक, डैनियल रिचटरमैन ने बताया है कि निर्माताओं ने डैनियल क्रेग की जगह लेने वाले अभिनेता को शायद पहले ही चुन लिया है।
डैनियल ने 'नो टाइम टू डाई' फिल्म के साथ इस किरदार को अलविदा कहा था। खबरों की मानें तो, अगस्त में स्क्रीन टेस्ट भी हुए थे।
इसके बाद निर्देशक डेनिस विलेन्यूवे और निर्माता एमी पास्कल और डेविड हेमैन ने उन अभिनेताओं को जानकारी दी थी, जिन्होंने ऑडिशन के अगले चरण में जगह बनाई थी।
कैलुम और जैक, जेम्स बॉन्ड की सूची में आए टॉप पर
हालांकि, अंतिम नाम पर अभी भी पर्दा पड़ा हुआ है, लेकिन कैलुम टर्नर, जैक लोडेन, जैकब एलोर्डी, हैरिस डिकिंसन और आरोन टेलर-जॉनसन जैसे कई नाम लगातार चर्चा में बने हुए हैं।
हाल की अटकलों और सट्टेबाजी बाजारों में कैलुम और जैक लोडेन को सबसे आगे बताया जा रहा है। इयान फ्लेमिंग के 1953 में लिखे जासूसी उपन्यासों से लेकर अब तक जेम्स की 25 फिल्में बन चुकी हैं और 6 अभिनेता इस मशहूर जासूसी किरदार को निभा चुके हैं।
अब फैंस यह देखने के लिए बेताब हैं कि अगला कौन इस प्रतिष्ठित किरदार की बागडोर संभालेगा।