दलेर मेहंदी विवाद पर अभिजीत भट्टाचार्य का तंज- मंत्री सच बोले, लेकिन वो विलेन बन गए
क्या है खबर?
'छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026' में गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने लाइव कॉन्सर्ट में 'लिप-सिंक' यानी केवल होंठ हिलाने के चलन की कड़ी निंदा की। अभिजीत ने उस घटना पर बात की, जिसमें मंत्री सुबोध उनियाल ने गायक दलेर मेहंदी को मंच पर लाइव न गाने के लिए सरेआम टोक दिया था। उन्होंने दर्शकों से वादा किया कि वो अपनी आवाज या सेहत की परवाह किए बिना हमेशा स्टेज पर लाइव ही गाएंगे और कभी अपने चाहनेवालों को धोखा नहीं देंगे।
दो टूक
"अगर माइक पर लाइव नहीं गा रहे तो गाने मत दो"
सोशल मीडिया पर अभिजीत का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वो स्टेज पर बिना गाए सिर्फ होंठ हिलाकर गाने पर नाराजगी जताते दिख रहे हैं।
अभिजीत बोले, "अगर कोई माइक पर सच में लाइव नहीं गा रहा है तो उसे गाने की इजाजत मत दो। कुछ दिन पहले एक मंत्री ने स्टेज पर आकर सच बोल दिया था कि 'आप गा नहीं रहे, आपसे खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा और आप लाइव परफॉर्म भी नहीं कर रहे।'
वादा
जैसी भी आवाज हो, हमेशा लाइव ही गाऊंगा- अभिजीत
अभिजीत ने कहा कि दलेर मेहंदी मामले में मंत्री ने सच बोला था कि गायक स्टेज पर लाइव नहीं गा रहे, लेकिन फिर भी लोग उन्हें ही विलेन बना रहे हैं।
अभिजीत ने छत्तीसगढ़ के दर्शकों से अनुरोध किया कि वे स्टेज पर लिप-सिंकिंग की इजाजत न दें। उन्होंने वादा किया कि चाहे उनका गला खराब हो, आवाज सुरीली न निकले या वो थक जाएं, लेकिन दर्शकों के सम्मान में वो हमेशा मंच पर लाइव ही गाएंगे।
सम्मान
अभिजीत बोले- मैं आपकी मेहनत की कमाई का सम्मान करूंगा
अभिजीत ने दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि लोग मेहनत की कमाई खर्च करके और अपना कीमती वक्त निकालकर उन्हें सुनने आते हैं। आयोजकों और प्रशासन की कड़ी मेहनत का सम्मान करते हुए उन्होंने वादा किया, "मैं गाने के नाम पर सिर्फ होंठ हिलाकर कभी आपके साथ धोखा नहीं करूंगा। कुछ लोग ऐसा करते होंगे, लेकिन मैं कभी ऐसा नहीं करूंगा। गला जैसा भी हो, हमेशा सिर्फ लाइव ही गाऊंगा।"
ूमक
उत्तराखंड के मंत्री ने बीच में रुकवा दिया था दलेर मेहंदी का शो
बता दें कि उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस बीच में ही रुकवा दी थी।
मंत्री ने मंच पर दलेर को फटकार लगाते हुए कहा, "आप ठीक से बोल भी नहीं पा रहे हैं, गाएंगे क्या?"
बाद में ANI से बात कर मंत्री ने कहा कि दलेर को गाने के लिए 35 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन वो लाइव परफॉर्म करने की स्थिति में ही नहीं दिख रहे थे।