दलेर मेहंदी से माफी मांगने से अच्छा इस्तीफा दे दूंगा, आत्मसम्मान पर अड़े मंत्री सुबोध उनियाल
क्या है खबर?
दलेर मेहंदी विवाद को लेकर उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान उनके दिए बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मंच से साफ शब्दों में मंत्री ने कहा, "अगर आलाकमान मुझे माफी मांगने के लिए बोलेंगे, तब भी मैं इस्तीफा देना पसंद करूंगा, लेकिन माफी नहीं मांगूंगा। जीवन में आत्मसम्मान बहुत बड़ी चीज है, जिससे मैं समझौता नहीं करने वाला"।
पलटवार
इतने बड़े कलाकार का मेडिकल नहीं करा सकता- मंत्री
बीते दिनों मंत्री ने कहा था कि उन्हें लगा दलेर मेहंदी नशे में हैं। मंत्री ने तंज कसते हुए कहा था कि वो नशा किस चीज का था, यह वो नहीं जानते और ना ही इतने बड़े कलाकार का मेडिकल करा सकते हैं।
बाद में जब उन्हें दलेर मेहंदी की तबीयत खराब होने की बात पता चली तो उन्होंने कहा कि तबीयत ठीक न होने पर उन्हें इसकी जानकारी देनी चाहिए थी या कार्यक्रम में शामिल नहीं होना चाहिए था।
जिम्मेदारी
मंत्री बोले- कलाकार भी रखें अपनी जिम्मेदारी का ध्यान
मंत्री ने कहा था कि दलेर ने कार्यक्रम में आने के लिए 35 लाख लिए थे और उनके होटल में ठहरने का अलग से इंतजाम किया गया था।
मंत्री ने साफ किया कि उनका मकसद संगीत को बदनाम करना नहीं था, लेकिन जब कलाकार 45 मिनट तक परफॉर्म नहीं कर पाए तो एक जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने टोका। उन्होंने आगे कहा कि कलाकारों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन कलाकार को भी अपने सम्मान और जिम्मेदारी का ध्यान रखना चाहिए।
विवाद
कुंजापुरी मेले में मंत्री और दलेर मेहंदी के बीच तीखी बहस
बीते 18 अक्टूबर को टिहरी के कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या के दौरान पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच विवाद हो गया था।
दलेर की आवाज लड़खड़ाने पर नाराज मंत्री ने मंच पर आकर उन्हें टोकते हुए कहा कि लोगों के मनोरंजन के लिए बुलाया गया था, पर आपसे ठीक से बोला भी नहीं जा रहा। इस पर दलेर मेहंदी ने उनसे पांडाल में बैठने का अनुरोध करते हुए बेहतर प्रस्तुति देने की बात कही।