IFFM 2026: आमिर खान और ऋषभ शेट्टी बने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के दावेदार, देखें पूरी सूची
क्या है खबर?
17वें इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM 2026) के लिए नामांकन की घोषणा हो गई है। इस बार आमिर खान और ऋषभ शेट्टी समेत अन्य कलाकार व 'सैयारा' और 'हक' समेत फिल्में प्रमुख दावेदारों के रूप में उभरकर सामने आई हैं। महोत्सव का आयोजन 13 से 23 अगस्त, 2026 तक विक्टोरिया सरकार के सहयोग से मेलबर्न में किया जाएगा। वहीं ऑस्ट्रेलिया के फिल्म जगत और सांस्कृतिक परिदृश्य की प्रतिष्ठित हस्तियों से बनी एक निर्णायक मंडली विजेताओं का चयन करेगी।
प्रतिस्पर्धा
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए इन कलाकारों के बीच होगी जंग
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की श्रेणी में जिन्हें नामांकित किया गया है, उनमें आमिर, ऋषभ, भूमन भार्गव दास, रणवीर सिंह, ममूटी, अहान पांडे, संजय मिश्रा और दुलकर सलमान शामिल हैं। सर्वश्रेष्ठ फिल्म वर्ग में 'सितारे जमीन पर', 'कांतारा: चैप्टर 1', 'सैयारा' 'हक', 'शरथोपोर', 'लोका चैप्टर 1: चंद्रा', 'जारन' और 'द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली' शामिल है। सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के लिए अश्विनी अय्यर तिवारी, चंद्रशिश रे, मोहित सूरी, रामलिंगम गौतम, रीमा दास, ऋषभ शेट्टी, आर.एस. प्रसन्ना और शाजिया इकबाल एक-दूसरे के साथ मुकाबला करेंगे।
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्रियां
सर्वश्रेष्ठ महिला प्रदर्शन में ये अभिनेत्रियां शामिल
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्रियों में श्रेणी में जिन्हें नामांकन मिला है, उनमें अनीत पड्डा, कल्याणी प्रियदर्शन, कीर्ति कुल्हारी, नीना गुप्ता, राजश्री देशपांडे, रानी मुखर्जी, ऋतुपर्णा सेनगुप्ता और यामी गौतम का नाम शामिल हैं। वहीं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (सीरीज) की पुरुष और महिला श्रेणियों में, अमरीश वर्मा, आरिफ जकारिया, बरुण सोबती, कुणाल खेमू, परमवीर सिंह चीमा, मानव कौल, मनोज पाहवा, विजय वर्मा, आनंधी, हुमा कुरैशी, लक्ष्मी प्रिया चंद्रमौली, मोना सिंह, रसिका दुगल, सीमा पाहवा, शेफाली शाह और स्वास्तिका मुखर्जी को नामांकन मिला है।
अन्य नामांकन
सर्वश्रेष्ठ सीरीज में शामिल हैं ये नाम
सर्वश्रेष्ठ सीरीज के लिए जिन्हें नामांकित किया गया है, वह 'बाई तुझ्यापायी', 'कोहरा: सीजन 2', 'मटका किंग', 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब', 'सपने बनाम एवरीवन', 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड', 'परफेक्ट फैमिली' और 'फ्रीडम एट मिडनाइट: सीजन 2' शामिल हैं।