आमिर खान, साजिद नाडियाडवाला और आर बाल्की की तिकड़ी पहली बार आई साथ, खेलेंगे बड़ा दांव
क्या है खबर?
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्टनिस्ट आमिर खान अब बड़े पर्दे पर सुपरहीरो के अवतार में धूम मचाने की तैयारी कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मशहूर निर्देशक आर बाल्की ने आमिर को एक बेहद महत्वाकांक्षी सुपरहीरो प्रोजेक्ट की कहानी सुनाई है। इस बड़े बजट की फिल्म को जाने-माने निर्माता साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूस करने वाले हैं। अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो आमिर पहली बार पर्दे पर एक अनोखे और दमदार सुपरहीरो की भूमिका में नजर आएंगे।
रिपोर्ट
स्क्रिप्टिंग शुरू, जल्द हो सकती है आधिकारिक घोषणा
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, आमिर एक बड़े बजट की सुपरहीरो फिल्म के लिए प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला और निर्देशक आर बाल्की से बातचीत कर रहे हैं।
फिलहाल ये महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट अपने शुरुआती चरण में है और फिल्म की स्क्रिप्टिंग पर तेजी से काम चल रहा है।
सूत्रों का कहना है कि आमिर को कहानी पसंद आई है और उन्होंने इसमें खासी दिलचस्पी दिखाई है। हालांकि, इस सिलसिले में अभी तक कोई आधिकारिक कॉन्ट्रैक्ट नहीं हुआ है।
तैयारी
फिल्म के लिए निर्माता कस रहे कमर
सूत्रों के मुताबिक, अगले कुछ महीनों में स्क्रिप्ट और विजन फाइनल होने के बाद बातचीत आगे बढ़ेगी।
बड़े पैमाने पर बन रही इस फिल्म के स्क्रीनप्ले, किरदार और प्रोडक्शन डिजाइन पर बारीकी से काम किया जा रहा है।
आमिर की आदत है कि वो पूरी स्क्रिप्ट फाइनल होने के बाद ही कोई फिल्म साइन करते हैं, इसलिए निर्माता आमिर की पसंद को ध्यान में रखते हुए पटकथा को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
महासंगम
आमिर, बाल्की और साजिद का महा-धमाका
अगर ये फिल्म बनती है तो आमिर पहली बार साजिद नाडियाडवाला और आर बाल्की के साथ काम करेंगे।
आमिर और साजिद पुराने दोस्त हैं, लेकिन उन्होंने कभी साथ फिल्म नहीं की।
उधर 'चीनी कम', 'पा' और 'पैडमैन' जैसी लीक से हटकर फिल्में बनाने वाले बाल्की अपनी अलग सोच के लिए जाने जाते हैं। माना जा रहा है कि उनकी ये सुपरहीरो फिल्म भी पारंपरिक बॉलीवुड फॉर्मूले से हटकर और भारतीय सिनेमा में अब तक की सबसे अनोखी फिल्म होगी।