आमिर खान की 'ललकारा' पर दांव लगाएंगे फरहान अख्तर-राजकुमार हिरानी, 'दंगल' के लेखक लिख रहे कहानी
क्या है खबर?
आमिर खान पिछली बार फिल्म 'सितारे जमीन पर' लेकर आए थे, जिसकी कहानी को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा था। पिछले कुछ दिनों से वो फिल्म 'ललकारा' को लेकर चर्चा में हैं, जिससे जुड़ा अब एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इस फिल्म को बनाने के लिए राजकुमार हिरानी और फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) एक साथ आ रहे हैं। उधर फिल्म की कहानी लिखने की जिम्मेदारी 'दंगल' और 'निल बट्टे सन्नाटा' के लेखकों को सौंपी गई है।
कहानी
'दंगल' और 'निल बट्टे सन्नाटा' के लेखक लिख रहे 'ललकारा' की स्क्रिप्ट
बॉलीवुड हंगामा को एक सूत्र ने बताया, "ललकारा कोई बायोपिक नहीं है, बल्कि ये भारत और पाकिस्तान के बीच 1952 में हुई ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज पर आधारित है। 'दंगल' वाले पीयूष गुप्ता और 'निल बट्टे सन्नाटा' से मशहूर हुए नीरज सिंह फिल्म की कहानी लिख रहे हैं। हिरानी सिर्फ फरहान के साथ मिलकर फिल्म के प्रोडक्शन का काम संभालेंगे। सूत्रों के मुताबिक, ये फिल्म भारत-पाकिस्तान के बीच 1952 में हुई ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज पर आधारित एक शानदार स्पोर्ट्स ड्रामा होगी।
सहयोग
आमिर, फरहान और राजकुमार हिरानी का महामिलन
आमिर का फरहान अख्तर और राजकुमार हिरानी के साथ पुराना और मजबूत रिश्ता रहा है। 'लगान' के तुरंत बाद उन्होंने फरहान के निर्देशन में बनी फिल्म 'दिल चाहता है' की थी, जबकि हिरानी के साथ उन्होंने '3 इडियट्स' और 'पीके' जैसी ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं। साल 2019 में इस फिल्म को फॉक्स स्टार स्टूडियोज प्रोड्यूस करने वाला था। हिरानी को इसके निर्देशन का प्रस्ताव मिला था, वहीं मुख्य भूमिका के लिए शाहरुख खान के नाम पर विचार किया गया था।