जुनैद खान फिल्मों के लिए क्यों नहीं लेते पिता आमिर खान से सलाह? सुपरस्टार ने बताया
क्या है खबर?
सुपरस्टार आमिर खान इस वक्त अपने बेटे जुनैद खान की आगामी फिल्म 'एक दिन' को लेकर चर्चा में हैं। 1 मई को रिलीज होने वाली इस फिल्म का ट्रेलर जारी हो चुका है, जिसमें जुनैद के साथ साई पल्लवी दिखेंगी। 'महाराज' फिल्म से डेब्यू करने वाले जुनैद को आखिरी बार 'लवयापा' में देखा गया था जो उनकी दूसरी फिल्म थी। 'एक दिन' के ट्रेलर रिलीज के मौके पर, आमिर ने अपने बेटे और उसकी पसंद को लेकर कई खुलासे किए।
सलाह
आमिर से फिल्मों की सलाह नहीं लेते जुनैद खान
वैरायटी इंडिया से बातचीत में, आमिर ने बताया कि उन्होंने जुनैद को 4 साल की उम्र में शतरंज खेलना सिखाया था। करीब 14 साल बाद, 18 साल की उम्र में जुनैद ने पहली बार उन्हें हराया था। आमिर ने आगे कहा, "वह हमेशा जीतता है। एक बात और... जुनैद मुझसे किसी भी प्रोजेक्ट के बारे में सलाह नहीं लेता। मुझे लगता है उसने 2 फिल्में साइन की हैं। वह इनका फैसला खुद करता है और यह बहुत अच्छी बात है।"
स्वभाव
आमिर के जैसा ही है जुनैद खान का स्वभाव
जुनैद के बारे में बात करते हुए आमिर ने किा कि उनके बेटे जुनैद, स्वाभाव के मामले में बिल्कुल उनके जैसे ही हैं। वह सिनेमा, पटकथा और संपादन की अच्छी समझ के साथ-साथ दृढ़ निश्चयी स्वभाव वाले हैं। अभिनेता ने यह भी बताया कि घर पर बच्चों के सख्त पिता बनने की बजाए वह उनके साथ दोस्त जैसे रहते हैं। उनके अनुसार, जुनैद, इरा और यहां तक कि आजाद का भी उनके साथ सरल और दोस्ताना रिश्ता है।