अशनीर ग्रोवर की बायोपिक में आमिर खान-श्रद्धा कपूर एक साथ, पति-पत्नी के रूप में मचाएंगे धमाल
क्या है खबर?
आमिर खान एक बार फिर पर्दे पर धमाका करने की तैयारी कर रहे हैं। इस बार वो 'शार्क टैंक इंडिया' से मशहूर हुए और भारतपे के सह-संस्थापक अशनीर ग्रोवर के विवादास्पद और दिलचस्प सफर को बड़े पर्दे पर उतारेंगे। फिल्म में पहली बार श्रद्धा कपूर, आमिर के साथ मुख्य भूमिका (पत्नी) में नजर आएंगी। ये पहला मौका होगा, जब दोनों की जोड़ी किसी फिल्म में दिखाई देगी। ये श्रद्धा के करियर की बड़ी फिल्म साबित होगी।
जोड़ी
पर्दे पर पहली बार दिखेगा आमिर-श्रद्धा का साथ
पर्दे पर पहली बार आमिर-श्रद्धा की जोड़ी नजर आएगी। श्रद्धा फिल्म में अशनीर ग्रोवर की पत्नी माधुरी जैन ग्रोवर की भूमिका निभाएंगी, जो भारतपे के विवादों के दौरान एक प्रमुख चेहरा रही थीं। श्रद्धा शुरुआत से ही इस फिल्म से जुड़ी हुई हैं। दरअसल, वो निर्देशक राहुल मोदी के काफी करीब हैं, इसलिए पिछले 3 सालों से स्क्रिप्ट के विकास को करीब से देख रही हैं और माधुरी के जटिल किरदार की बारीकियों को समझने की तैयारी कर रही हैं।
अवतार
चुलबुले अंदाज को छोड़ 'कॉर्पोरेट अवतार' में दिखेंगी श्रद्धा
अशनीर के सफर में माधुरी की एक मजबूत भूमिका रही है। श्रद्धा के लिए यह रोल उनके पिछले चुलबुले किरदारों से बिल्कुल अलग होगा, जिसमें वे एक कॉर्पोरेट पेशेवर और एक पत्नी के संघर्ष को दिखाएंगी। फिल्म की कहानी का मुख्य हिस्सा 2022 के वे विवाद होंगे, जिनमें अशनीर और उनके परिवार पर फंड के दुरुपयोग के आरोप लगे थे। आमिर (अशनीर) और श्रद्धा (माधुरी) की ये जोड़ी इन चुनौतीपूर्ण असल जिंदगी की घटनाओं को पर्दे पर जीवंत करेगी।
उत्सुकता
क्या पर्दे पर उतरेगा असली 'शार्क'?
निर्माताओं ने अभी इस प्रोजेक्ट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन आमिर-श्रद्धा के एक साथ आने की खबर ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। फैंस 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' को अशनीर के बेबाक अंदाज में देखने के लिए बेताब हैं। अशनीर खुद अपनी कहानी को लेकर एक्स (X) पर संकेत दे चुके हैं। दर्शकों के बीच इस बात को लेकर जिज्ञासा है कि आमिर उनकी उस प्रसिद्ध 'तीखी' बॉडी लैंग्वेज और संवाद शैली को कितनी बारीकी से अपनाते हैं
लोकप्रियता
'शार्क टैंक' के सबसे बेबाक जज] जब अशनीर के तीखे तेवरों ने मचाया तहलका
अशनीर की लोकप्रियता का बड़ा कारण टीवी शो 'शार्क टैंक इंडिया' रहा, जहां वो एक 'शार्क' (निवेशक) के रूप में दिखे। वो अपनी बेबाकी के लिए मशहूर हैं। शो पर जब उन्हें किसी स्टार्टअप का सुझाव पसंद नहीं आता था, तो बिना हिचकिचाहट सीधा और कड़ा फीडबैक देते थे। उनका यह अंदाज खूब सुर्खियां बटोरता था। शो के दौरान उनका डायलॉग "ये सब दोगलापन है" रातों-रात मीम बन गया और इसी ने उन्हें युवाओं के बीच काफी मशहूर कर दिया।