Page Loader
आदर जैन ने की अलेखा आडवाणी से सगाई, कौन हैं करीना कपूर की होने वाली भाभी?
आदर जैन ने कर ली गर्लफ्रेंड से सगाई (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@aadarjain)

आदर जैन ने की अलेखा आडवाणी से सगाई, कौन हैं करीना कपूर की होने वाली भाभी?

Sep 02, 2024
10:59 am

क्या है खबर?

रणबीर कपूर की बुआ के बेटे आदर जैन काफी समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में थे। कहा जा रहा था कि अभिनेत्री तारा सुतारिया से अलग होने के बाद वह अलेखा आडवाणी को डेट कर रहे हैं। अब उन्होंने अलेखा के साथ अपने रिश्ते को सगाई का नाम दे दिया है। खुद आदर ने अपनी मंगेतर बनीं अलेखा के साथ रोमांटिक तस्वीरें साझा कर अपनी सगाई का ऐलान कर दिया है।

बधाई

आनंद के पोस्ट पर बहन करीना ने यूं दीं शुभकामनाएं

आदर ने समंदर किनारे गुलाब के फूलों से बने दिल के बीचों-बीच घुटनों पर बैठकर उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया। तस्वीरें साझा कर आदर ने लिखा, 'मेरा पहला क्रश, मेरी बेस्ट फ्रेंड, मेरी अब और हमेशा।' उनके पोस्ट पर करीना कपूर ने अपनी होने वाली भाभी के लिए खुशी जाहिर करते हुए लिखा, 'मेहंदी लगाकर रखना... डोली सजाकर रखना।' इस पोस्ट पर रिद्धिमा कपूर, महीप कपूर, अंशुला कपूर, करिश्मा कपूर और शनाया कपूर ने भी खूब प्यार बरसाया है।

तस्वीरें

वायरल हो रहीं सगाई की तस्वीरें

आदर और अलेखा की ये तस्वीरें बेहद खूबसूरत हैं। नीला समंदर और ढलती हुई शाम का खूबसूरत नजारा। सामने अलेखा और घुटनों पर बैठे आदर ने उन्हें अंगूठी देकर प्रपोज किया। ये देख अलेखा भावुक हो गईं। बैकग्राउंड में लिखा है, 'मैरी मी (मुझसे शादी कर लो)' दोनों की सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इससे पहले आदर ने तारा को डेट किया था, लेकिन कुछ समय बाद दोनों का ब्रेकअप हो गया।

ट्विटर पोस्ट

देखें तस्वीरें

परिचय

जानिए अलेखा के बारे में

आदर की मंगेतर अलेखा मुंबई की रहने वाली बिजनेस वुमन हैं। उन्होंने फैशन इंडस्ट्री में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। वह फैशन और ज्वैलरी डिजाइनर हैं। इसके अलावा अलेखा पेशे से एक मॉडल भी हैं। अलेखा ने न्यूयॉर्क के कॉर्नेल होटल स्कूल से अपनी शुरुआती पढ़ाई की थी। वैसे उनका बॉलीवुड से सीधा जुड़ाव नहीं है, लेकिन इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की लिस्ट से पता चलता है कि वह कई सितारों को जानती हैं, जिनमें कियारा आडवाणी, अथिया शेट्टी शामिल हैं।

प्रतिक्रिया

लोगों ने दी प्रतिक्रिया

आदर ने कैप्शन में अलेखा को अपना पहला क्रश बताया। ये पढ़कर एक यूजर ने लिखा, 'पहला क्रश? फिर तारा कौन थी?' एक और ने लिखा, 'तारा को डेट करने के दौरान तुम्हारे मन में ये भी थी?' बता दें कि अब तारा भी अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुकी हैं। वह अभिनेता अरुणोदय सिंह को डेट कर रही हैं। अरुणोदय मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्य मंत्री और शिक्षा मंत्री (मानव संसाधन मंत्री) रहे अर्जुन सिंह के पोते हैं।

जानकारी

कौन हैं आदर जैन?

बात करें आदर की तो वह राज कपूर की बेटी रीमा कपूर और मनोज जैन के बेटे हैं। वह एक अभिनेता और सहायक निर्देशक के तौर पर फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। इस लिहाज से आदर रिश्ते में रणबीर और करीना दोनों के भाई हैं।