
'83' के निर्माता विष्णु वर्धन इंदुरी ने फिल्म फ्रेंचाइजी 'आजाद हिंद' का किया ऐलान
क्या है खबर?
देश 75वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहा है। इस अवसर पर लोग देशभक्ति की अपनी भावनाएं साझा कर रहे हैं।
इस मौके पर दिग्गज फिल्म प्रोड्यूसर विष्णु वर्धन इंदुरी ने देशभक्ति पर आधारित अपनी फिल्म फ्रेंचाइजी 'आजाद हिंद' का ऐलान कर दिया है।
उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इस प्रोजेक्ट की घोषणा की है। विष्णु वर्धन ने इससे पहले रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म '83' का निर्माण किया है।
इंस्टाग्राम पोस्ट
विष्णु वर्धन ने इंस्टाग्राम पर शेयर की जानकारी
विष्णु वर्धन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म का ऐलान करते हुए एक बयान जारी किया है। उन्होंने शेयर किए गए अपने नोट में प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी दी है।
उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'भारतीय स्वतंत्रता के 75वें वर्ष का जश्न मनाते हुए हम इतिहास में खोए हुए भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को श्रद्धांजलि के रूप में 'आजाद हिंद' नामक एक फीचर फिल्म फ्रेंचाइजी पेश करना चाहते हैं।'
जानकारी
फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म स्वतंत्रता सेनानी दुर्गावती पर बनेगी
'आजाद हिंद' फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म स्वतंत्रता सेनानी दुर्गावती देवी की अनकही कहानी को जीवंत करेगी। उन्हें दुर्गा भाभी के नाम से भी जाना जाता है।
मेकर्स फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म में दुर्गावती की अनकही दास्तां को पर्दे पर उतारेंगे। मेकर्स ने बयान में कहा कि दुर्गावती ने चंद्रशेखर आजाद और शहीद भगत सिंह के साथ मिलकर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ काम किया था।
ब्रिटिश सीक्रेट सर्विस ब्यूरो MI5 द्वारा दुर्गावती को 'भारत की अग्नि' भी कहा जाता था।
परिचय
जानिए कौन हैं दुर्गावती
मेकर्स इस फ्रेंचाइजी के तहत उन स्वतंत्रता सेनानियों की कहानियों को सामने लाएंगे, जिन्हें इतिहास में प्रमुखता से जगह नहीं दी गई है।
मेकर्स के मुताबिक, भारत की आजादी के बाद दुर्गावती उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक गुमनाम और आम नागरिक की तरह रहने लगी थीं।
उन्होंने लखनऊ में गरीब बच्चों के लिए एक स्कूल शुरू किया था। 92 साल की उम्र में 15 अक्टूबर, 1999 को गाजियाबाद में उनका निधन हो गया था।
वर्कफ्रंट
इन दो फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं विष्णु वर्धन
मेकर्स इस फिल्म में बॉलीवुड के लीड कलाकारों को कास्ट कर सकते हैं। अभी इस प्रोजेक्ट से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
विष्णु वर्धन के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह अपनी फिल्म '83' को लेकर चर्चा में हैं। रणवीर अभिनीत इस फिल्म के निर्माण में उन्होंने सहयोग किया है।
इसके अलावा उन्होंने 'थलाइवी' को भी प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म में कंगना रनौत तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता की भूमिका में दिखेंगी।