
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार: शाहरुख खान और विक्रांत मैसी बने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, देखिए विजेताओं की पूरी सूची
क्या है खबर?
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को लेकर सिनेमा प्रेमियों के बीच एक अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। हमेशा की तरह इस बार भी कई फिल्मों और सितारों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा जाएगा। अब आखिरकार 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा हो गई है। भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता शाहरुख खान को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से नवाजा जाएगा। सम्मान पाने वालों के नामों की पूरी सूची जारी हो गई है।
अभिनेता
शाहरुख खान और विक्रांत मैसी की जीत
अभिनेता शाहरुख ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार अपने नाम किया है। उन्हें उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जवान' के लिए यह पुरस्कार मिला है, जो 7 सितंबर, 2023 को रिलीज हुई थी। खास बात यह है कि 33 साल के लंबे करियर में यह शाहरुख का पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है। इतना ही नहीं, शाहरुख के अलावा विक्रांत मैसी को उनकी सुपरहिट फिल्म '12वीं फेल'(2023) के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला है।
फिल्म
सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म बनी 'कटहल'
'कटहल' को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार मिला है। इस फिल्म में सान्या मल्होत्रा, राजपाल यादव, नेहा सराफ और विजय राज जैसे कलाकार नजर आए थे। इस फिल्म का निर्देशन यशोवर्धन मिश्रा ने किया है, वहीं एकता कपूर फिल्म की निर्माता हैं। यह फिल्म 19 मई, 2023 को रिलीज हुई थी और इसकी कहानी लोगों को खूब पसंद आई। बता दें कि फिल्म 'कटहल' को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
जानकारी
किसे मिला सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार?
अभिनेत्री रानी मुखर्जी को फिल्म 'मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार देने का ऐलान किया गया है। इस फिल्म की कहानी सागरिका भट्टाचार्य की है, जिन्होंने अपने बच्चों को नॉर्वे प्रशासन के नियंत्रण से छुड़ाने के लिए संघर्ष किया।
निर्देशक
सुदीप्तो सेन बने सर्वश्रेष्ठ निर्देशक
विधु विनोद चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म '12वीं फेल' ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार अपने नाम किया। सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार सुदीप्तो सेन को फिल्म 'द केरल स्टोरी' के लिए मिला है। इस फिल्म में अदा शर्मा, योगिता बिहानी, सोनिया बलानी और सिद्धि इदनानी ने मुख्य भूमिका निभाई थी। शिल्पा राव को सर्वश्रेष्ठ महिला गायिका के पुरस्कार से नवाजा गया है। यह पुरस्कार उन्हें शाहरुख की फिल्म 'जवान' के गाने 'चलेया' के लिए मिला है।