#BirthdaySpecial: जानिये वो 5 कारण, जिनकी वजह से बॉलीवुड पर राज कर रही हैं दीपिका पादुकोण

दीपिका पादुकोण आज अपना 33वां जन्मदिन माना रही हैं। इनका जन्म 5 जनवरी, 1986 को मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण के घर हुआ था। दीपिका के बारे में आज केवल भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी चर्चा होती है। इनका नाम बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में शुमार है, जिन्होंने अपने अभिनय के दम पर ख़ास पहचान बनाई है। आज हम आपको 5 ऐसी वजहें बताएँगे, जिसकी वजह से दीपिका बॉलीवुड पर राज कर रही हैं।
दीपिका की कई ऐसी फिल्में हैं, जिसमें उनके अभिनय की जमकर तारीफ़ हुई है। दीपिका एक के बाद एक, लगातार कई सफल फिल्में देने वाली अभिनेत्रियों में भी शामिल हैं। दीपिका ने फिल्म 'ओम शांति ओम' (2007) से बॉलीवुड में डेब्यू किया था, इसके बाद इन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 'लव आज कल (2009)', 'कॉकटेल (2012)', 'रेस 2 (2013)', 'चेन्नई एक्सप्रेस (2013)', 'गोलियों की रासलीला रामलीला (2013)', 'पिकू (2015)', 'बाज़ीराव मस्तानी (2015)' और 'पद्मावत' (2018) इनकी सफल फिल्में हैं।
दीपिका ने अवार्ड जीतने की शुरुआत अपनी पहली फिल्म 'ओम शांति ओम' से ही कर दी थी। इस फिल्म के लिए दीपिका को फिल्मफेयर ने 'बेस्ट डेब्यू फ़ीमेल एक्ट्रेस' के अवार्ड से नवाज़ा था। दीपिका को 'पिकू' और 'चेन्नई एक्सप्रेस' के लिए 'बेस्ट एक्ट्रेस' के आईफ़ा अवार्ड से नवाज़ा गया था। इसके साथ ही दीपिका को 'पिकू' और 'गोलियों की रासलीला रामलीला' के लिए 'बेस्ट एक्ट्रेस' के फिल्मफेयर अवार्ड से भी नवाज़ा गया था।
अगर दीपिका पादुकोण को बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्री कहा जाए तो यह गलत नहीं होगा। दीपिका इस समय बॉलीवुड में सबसे ज़्यादा फ़ीस लेने वाली अभिनेत्री भी हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार दीपिका ने फिल्म 'पद्मावत' के लिए Rs. 12 करोड़ लिए थे। इसके अलावा दीपिका अपनी हर फिल्म के लिए लगभग Rs. 8-10 करोड़ वसूल करती हैं। फोर्ब्स इंडिया द्वारा जारी की गई सूची में 2018 में कमाई के मामले में दीपिका अभिनेत्रियों में पहले स्थान पर रहीं।
दीपिका हर लुक में बेहतरीन नजर आती हैं और वो कभी भी फैशन के मामले में निराश नहीं करतीं। हाल ही में दीपिका, फिल्मफेयर मैगज़ीन के कवर पर छाई हुई हैं। इस तस्वीर में दीपिका काफी स्टाइलिश और ख़ूबसूरत लग रही हैं। 2018 में हुए कांस फिल्म फ़ेस्टिवल में जितनी दीपिका के लुक की चर्चा हुई, उतनी शायद ही किसी बॉलीवुड अभिनेत्री की हुई हो। दीपिका के नाम 2018 में एशिया की सबसे ख़ूबसूरत महिला होने का ख़िताब भी है।
She was the biggest newsmaker of 2018 and is all set to own 2019 too.
— Filmfare (@filmfare) December 27, 2018
Presenting superstar @deepikapadukone on our next cover. pic.twitter.com/n88M9ROJfl
दीपिका पादुकोण के सोशल मीडिया पर काफ़ी चाहने वाले हैं। आए दिन दीपिका अपने चाहने वालों के लिए सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो शेयर करती रहती हैं। सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर दीपिका के लगभग तीन करोड़ फ़ॉलोअर्स हैं, जबकि ट्विटर पर लगभग 2.5 करोड़ फ़ॉलोअर्स हैं। वहीं फ़ेसबुक की बात करें तो वहाँ भी दीपिका का जलवा कायम है। फ़ेसबुक पर दीपिका के ऑफ़िसियल पेज को लगभग 3 करोड़ 43 लाख लोगों ने लाइक किया है।
दीपिका के पिता प्रकाश पादुकोण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बैडमिंटन के मशहूर खिलाड़ी रह चुके हैं। ऐसे में भला दीपिका कैसे पीछे रहतीं। आपको बता दें कि दीपिका भी राष्ट्रीय स्तर पर बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुकी हैं।