इमरान हाशमी की वो 5 दमदार फिल्में, जिनमें उन्होंने अपनी अदाकारी से सबको चौंकाया
क्या है खबर?
इमरान हाशमी बड़े पर्दे पर 'शिवम पंडित' बनकर दोबारा लौट रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आवारापन 2' का टीजर जारी हो गया है, जो 2007 में इसी नाम से रिलीज हुई फिल्म का सीक्वल होगी। फिल्म में उनकी आशिकी, दीवानगी और गाने हमेशा के लिए लोगों के दिलों पर छा चुके हैं। खैर, पिछले कुछ साल में इमरान ने ऐसी कई फिल्में की हैं, जिन्होंने उनकी बहुमुखी प्रतिभा को साबित किया है। कुछ ऐसी ही फिल्मों पर डालें एक नजर।
#1
'हक'
साल 2025 में इमरान को फिल्म 'हक' में देखा गया था, जो सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए ऐतिहासिक फैसले से प्रेरित है। इसकी कहानी शाजिया (यामी गौतम) और उसके वकील पति (इमरान) के इर्द-गिर्द बुनी गई है। सुपर्ण वर्मा द्वारा निर्देशित यह फिल्म तीन तलाक, मुस्लिम महिलाओं के हक और मासिक भत्ते के संघर्ष को दिखाती है। इमरान का किरदार निगेटिव है, लेकिन उनका अभिनय उतना ही दमदार है। यह उनके द्वारा निभाए गए दमदार किरदारों में से एक है।
#2 & #3
'वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई' और 'द डर्टी पिक्चर'
1970 और 1980 के दशक में घटित, 'वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई' में इमरान ने 'शोएब खान' नाम के उभरते हुए निर्दयी गैंगस्ट का किरदार निभाया है। अजय देवगन भी इसका हिस्सा हैं। फिल्म में इमरान ने अपने अभिनय से साबित कर दिया कि वह ग्रे-शेड्स बेहद परफेक्शन के साथ निभा सकते हैं। वहीं 'द डर्टी पिक्चर' में उन्हाेंने एक संजीदा रोल निभाया है, जो नसीरुद्दीन शाह और विद्या बालन जैसे सितारे होने के बावजूद अलग से चमकता है।
#4 & #5
'शंघाई' और 'टाइगर 3'
2012 में आई फिल्म 'शंघाई' में इमरान ने अपने लुक को पूरी तरह बदला। बढ़े हुए पेट और टेढ़े-मेढ़े गंदे दांतों के साथ, उन्होंने पर्दे पर अपने किरदार को इतनी बखूबी के साथ निभाया कि लोग उन्हें पहचान तक नहीं सके। फिल्म में अभय देओल और कल्कि कोचलिन भी हैं। सलमान खान की फिल्म 'टाइगर 3' में इमरान पहली बार पूरी तरह से खलनायक बनकर आए। पूर्व ISI एजेंट 'आतिश रहमान' के रूप में उन्होंने बेहद खूंखार किरदार निभाया है।