रोहित शेट्टी के जुहू वाले घर के बाहर चलीं गोलियां, जांच में जुटी पुलिस
क्या है खबर?
फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई के जुहू इलाके में स्थित आवास के बाहर फायरिंग की एक घटना हुई है। कुछ अज्ञात लोगों ने घर के बाहर कई राउंड गोलियां चलाईं और फरार हो गए। गनीमत रही कि इस गोलाबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है। हालांकि, रोहित के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुंबई क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी हैं।
सुरक्षा
पुलिस ने की इलाके की घेराबंदी
रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की जानकारी सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घर के बाहर 4 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी गई, जिसके तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। शहर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जोनल यूनिट और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और मामले की जांच जारी है। एहतियात के तौर पर इलाके की तुरंत घेराबंदी कर दी गई है और वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
ट्विटर पोस्ट
रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी
#WATCH | Mumbai | Unidentified assailants fired four rounds outside the residence of film director Rohit Shetty last night
— ANI (@ANI) February 1, 2026
Mumbai Police says, "Following this, heavy police security has been deployed around Rohit Shetty's residence in Juhu. The police are currently… pic.twitter.com/XZlzspFeMU
बयान
मुंबई पुलिस कमिश्नर ने क्या कहा?
मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच जारी है। कमिश्नर के मुताबिक, इमारत पर किसी ने फायरिंग की है। जोनल पुलिस और क्राइम ब्रांच इस मामले की तफ्तीश कर रहे हैं। एक आधिकारिक अपडेट में पुलिस ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने निर्देशक के घर के बाहर 4 राउंड फायरिंग की। पुलिस इस मामले की हर संभावित एंगल से जांच कर रही है ताकि दोषियों की पहचान की जा सके।
जांच
हर पहलू से की जा रही जांच
अधिकारियों ने ये जानकारी भी दी कि मामले की जांच अंतरराष्ट्रीय गिरोहों के साथ संभावित संबंधों के एंगल से भी की जा रही है।फिलहाल, रोहित और उनके परिवार ने इस घटना पर कोई बयान जारी नहीं किया है। बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच ये घटना सामने आई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह गोलीबारी केवल डराने के मकसद से की गई थी या इसके पीछे कोई और वजह है।
लोकप्रियता
बॉलीवुड के सबसे सफल और लोकप्रिय निर्देशकों में से एक हैं रोहित शेट्टी
रोहित शेट्टी बॉलीवुड के सबसे सफल फिल्म निर्देशकों में से एक हैं। उन्हें खासतौर पर अपनी एक्शन कॉमेडी फिल्मों के लिए जाना जाता है। फिल्मों में गाड़ियों को हवा में उड़ाने का उनका सिग्नेचर स्टाइल काफी मशहूर है। उनके खाते में 'सिंघम' से लेकर 'सिंघम अगेन', 'गोलमाल' सीरीज, 'सिम्बा', 'चेन्नई एक्सप्रेस' और 'दिलवाले' जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल हैं। एक तरफ वो 'गोलमाल 5' लेकर आ रहे हैं तो वहीं जॉन अब्राहम संग उनकी फिल्म 'मारिया IPS' आ रही है।