
उत्तर प्रदेश में हजारों पदों पर निकली सरकारी नौकरी भर्ती, 12 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं के लिए अच्छी खबर है।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने 3,831 पदों पर भर्ती अधिसूचना जारी की है।
इसके मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग विभागों में जूनियर असिस्टेंट, जूनियर क्लर्क और अन्य पदों पर भर्ती होगी। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 12 सिंतबर से शुरू होगी।
उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 3 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं।
पद
पदों का विवरण
इस सरकारी नौकरी के 3,831 पदों में से 1,889 पद अनारक्षित है। 770 पद अनुसूचित जाति, 83 पद अनुसूचित जनजाति, 763 पद अन्य पिछड़ा वर्ग और 326 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
इस भर्ती से राजस्व विभाग में 1,150 पद भरे जाएंगे।
सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में 1,032 और निदेशालय बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार में 739 पदों पर नियुक्ति दी जाएगी।
शिक्षा निदेशक अनुभाग में 112 पद, एनसीसी निदेशालय में 100 पद भरे जाएंगे।
योग्यता
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जो प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) पास कर चुके हैं।
कनिष्ठ सहायक, लिपिक, सहायक स्तर 3 के पद पर सीधी भर्ती के लिए 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों के लिए उम्मीदवारों को 25 शब्द प्रति मिनट हिंदी टाइपिंग और 30 शब्द प्रति मिनट अंग्रेजी टाइपिंग आनी चाहिए।
इन पदों पर आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 40 साल निर्धारित है।
चयन
क्या है चयन प्रक्रिया?
इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। लिखित परीक्षा 100 अंक की होगी।
इसमें हिंदी परिज्ञान और लेखन योग्यता, सामान्य बुद्धि परीक्षण, सामान्य जानकारी, कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी, उत्तर प्रदेश से संबंधित जानकारी से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे।
लिखित परीक्षा के बाद टाइपिंग टेस्ट होगा। इसमें प्राप्त अंकों के आधार पर उम्मीदवारों का चयन होगा।
इसके बाद दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया होगी। चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल 3 के अनुसार वेतन दिया जाएगा।
आवेदन
ऐसे करें आवेदन
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा।
यहां सबसे पहले होम पेज पर उपलब्ध न्यू यूजर रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें।
इसके बाद सभी जरूरी जानकारियां दर्ज करने के बाद पंजीकरण करें।
यूजर आईडी और पासवर्ड दर्ज करने के बाद दोबारा लॉग इन कर आवेदन फॉर्म भरें।
इसमें सभी जरूरी शैक्षिक और व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करने के बाद शुल्क भुगतान करें।
आवेदन के लिए सभी वर्ग के उम्मीदवारों को 25 रुपये शुल्क देना होगा।