LOADING...
उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती की अधिसूचना जारी, भरे जाएंगे 60,000 से ज्यादा पद
उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती की अधिसूचना जारी

उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती की अधिसूचना जारी, भरे जाएंगे 60,000 से ज्यादा पद

लेखन राशि
Dec 23, 2023
04:36 pm

क्या है खबर?

कांस्टेबल भर्ती का इंतजार कर रहे उत्तर प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने आरक्षी नागरिक पुलिस (कांस्टेबल) के पदों पर सीधी भर्ती, 2023 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके मुताबिक, प्रदेश में 60,000 से ज्यादा पद भरे जाएंगे। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अधिसूचना देख सकते हैं। आइए भर्ती प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण बातें जानते हैं।

पद

जानिए पदों का विवरण

आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, उत्तर प्रदेश पुलिस में कुल 60,244 पद भरे जाएंगे। इनमें से 24,102 पद अनारक्षित वर्ग के लिए हैं। अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए 12,650 पद और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए 1,204 पद आरक्षित हैं। कुल 16,264 पदों पर अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और 6,024 पदों पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के उम्मीदवारों को आरक्षण दिया जाएगा। परीक्षा के पहले पदों की संख्या में परिवर्तन किया जा सकता है।

प्रक्रिया

कब से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया?

उत्तर प्रदेश कांस्टेबल भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया 27 दिसंबर, 2023 से शुरू होगी। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन मोड में स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवार को 16 जनवरी, 2024 तक आवेदन पत्र जमा करने होंगे। शुल्क भुगतान करने की आखिरी तारीख 18 जनवरी है। उम्मीदवार इसी दिन तक आवेदन पत्र में जरूरी संशोधन भी कर पाएंगे। इसके बाद सुधार का मौका नहीं दिया जाएगा।

Advertisement

आवेदन

कौन कर सकेगा आवेदन?

इस भर्ती के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। प्रादेशिक सेना में न्यूनतम 2 वर्ष की अवधि तक सेवा करने वाले और राष्ट्रीय कैडेट कोर का B प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। भर्ती के लिए न्यूनतम 18 साल की उम्र के महिला-पुरुष आवेदन कर सकेंगे। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 22 साल और महिला अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 25 साल है।

Advertisement

परीक्षा

कैसे होगा चयन?

उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षण के आधार पर होगा। परीक्षा 300 अंकों की होगी, इसमें सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक और मानसिक योग्यता, मानसिक अभिरुचि और तार्किक क्षमता से कुल 150 सवाल पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर पर 2 अंक मिलेंगे और गलत उत्तर पर 0.5 अंक का नकारात्मक अंकन होगा। उम्मीदवार आधिकारिक अधिसूचना के माध्यम से चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देख सकते हैं।

जानकारी

कितना है आवेदन शुल्क?

इस भर्ती प्रक्रिया के लिए सभी वर्ग के उम्मीदवारों को 400 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने के बाद आधिकारिक वेबसाइट पर एक लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। इस पर क्लिक करके उम्मीदवार आवेदन पत्र भर सकेंगे।

Advertisement