Page Loader
उत्तर प्रदेश: UPSSC ने लेखपाल भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड किए जारी, ऐसे करें डाउनलोड
उत्तर प्रदेश में 31 जुलाई को लेखपाल भर्ती परीक्षा होगी

उत्तर प्रदेश: UPSSC ने लेखपाल भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड किए जारी, ऐसे करें डाउनलोड

लेखन तौसीफ
Jul 25, 2022
07:14 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। आयोग की तरफ से इस परीक्षा का आयोजन 31 जुलाई को राज्य के विभिन्न जिलों के परीक्षा केंद्रों पर कराया जाएगा। जिन उम्मीदवारों ने लेखपाल भर्ती की परीक्षा के लिए आवेदन किया था, वे अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी आवेदन संख्या दर्ज करके एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

भर्ती

राजस्व लेखपाल के कुल 8,085 रिक्त पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के माध्यम से उत्तर प्रदेश में राजस्व लेखपाल के कुल 8,085 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें अनारक्षित वर्ग के लिए 3,271 पद, अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 1,690 पद, अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 152 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 2,174 पद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 798 पद शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवारों से 7 जनवरी से 28 जनवरीतक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे।

परीक्षा

परीक्षा की तारीख में दो बार किया जा चुका है बदलाव

आयोग ने सबसे पहले परीक्षा के आयोजन की तारीख 19 जून तय की थी, लेकिन फिर इसे आगे बढ़ाकर 24 जुलाई को आयोजित कराए जाने की घोषणा की गई। लेकिन परीक्षा से कुछ दिन पहले आयोग ने नोटिस जारी कर कहा कि अपरिहार्य कारणों से लेखपाल भर्ती लिखित परीक्षा 24 जुलाई के स्थान पर 31 जुलाई को आयोजित की जाएगी। वायुसेना की अग्निवीर भर्ती परीक्षा का आयोजन भी 24 जुलाई को ही प्रस्तावित था। इसी कारण इसे टाला गया था।

पैटर्न

परीक्षा पैटर्न कैसा होगा?

लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे। इस परीक्षा में 100 अंकों के 100 प्रश्न होंगे और इसके लिए उम्मीदवारों को 120 मिनट दिए जाएंगे। परीक्षा में हिंदी, गणित, सामान्य ज्ञान और ग्रामीण विकास और ग्रामीण समाज से 25 -25 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी होगी। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए प्रश्न के एक चौथाई अंक काटे जाएंगे।

जानकारी

राज्य के 12 जिलों में होगी परीक्षा

आयोग की तरफ से आज जारी नोटिस के अनुसार, राजस्व लेखपाल की मुख्य परीक्षा का आयोजन राज्य के 12 जिलों में किया जाएगा। इसमें आगरा, अलीगढ़, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज और वाराणसी आदि शामिल हैं।

एडमिट कार्ड

ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड

एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.upsssc.gov.in पर जाएं। यहां होम पेज पर लेखपाल भर्ती मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड से संबंधित लिंक पर क्लिक करें। क्लिक करने पर जो पेज खुले, उस पर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर, डेट ऑफ बर्थ और जेंडर जैसी जानकारियां दर्ज करके सबमिट पर क्लिक करें। अब आपका एडमिट कार्ड कंप्यूटर की स्क्रीन पर दिखेगा। इसे डाउनलोड कर लें और इसका प्रिंटआउट निकाल कर रख लें।