UPSC ESE: मुख्य परीक्षा का टाइमटेबल जारी, जानिए किस तारीख को होगी परीक्षा
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा (ESE) की मुख्य परीक्षा, 2023 का टाइमटेबल जारी कर दिया है। परीक्षा में भाग लेने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से माध्यम से टाइमटेबल डाउनलोड कर सकते हैं। देश में इंजीनियरिंग सेवाओं में भर्ती के लिए हर साल ये परीक्षा आयोजित की जाती है। इस साल प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 19 फरवरी को किया गया था। अभी वेबसाइट पर परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी नहीं किए गए हैं।
इस तारीख को आयोजित होगी परीक्षा
UPSC ESE के लिए मुख्य परीक्षा का आयोजन 25 जून, 2023 को किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन 2 पारियों में होगा। पहली पारी में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा होगी। दूसरी पारी में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा होगी। पेपर 1 और पेपर 2 की परीक्षा कुल 600 अंक की रहेगी। प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवार ही मुख्य परीक्षा में भाग ले सकेंगे।
कब जारी होगा प्रवेश पत्र?
UPSC ESE की मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जून के शुरुआती हफ्ते में जारी कर दिए जाएंगे। उम्मीदवार परीक्षा शुरू होने से लगभग 3 सप्ताह पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। मुख्य परीक्षा का आयोजन सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रीकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स और दूरसंचार इंजीनियरिंग की ब्रांच के लिए किया जाएगा। इन सभी ब्रांच के लिए 2-2 पेपर का आयोजन किया जाएगा।
ऐसे देखें टाइमटेबल
UPSC ESE की मुख्य परीक्षा का टाइमटेबल देखने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। यहां होम पेज पर UPSC ESE मुख्य परीक्षा 2023 टाइम टेबल लिंक मिलेगा। इस पर क्लिक करें। इसके बाद एक PDF फाइल खुलेगी। इसमें परीक्षा की तारीख और समय का विवरण दिया गया है। उम्मीदवार आगे की जरूरत के लिए इस फाइल का प्रिंट आउट निकाल कर सुरक्षित रख सकते हैं।
इस बार कितने पद भरे जाएंगे?
इस साल UPSC ESE परीक्षा के जरिए कुल 327 पद भरे जाएंगे। इंजीनियरिंग सेवा के लिए प्रारंभिक परीक्षा 19 फरवरी को आयोजित की गई थी। इसमें हजारों उम्मीदवारों ने भाग लिया था। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 3 मार्च को घोषित किया गया था। प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। मुख्य परीक्षा में जो छात्र पास होंगे, उन्हें इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के नंबरों को जोड़कर अंतिम परिणाम बनाया जाएगा।