Page Loader
UPSC 2024: अर्थशास्त्र खंड में अच्छे अंक लाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
UPSC 2024: अर्थशास्त्र अनुभाग में ऐसे पाएं अच्छे अंक (तस्वीरः फ्रीपिक)

UPSC 2024: अर्थशास्त्र खंड में अच्छे अंक लाने के लिए अपनाएं ये टिप्स

लेखन राशि
Feb 23, 2024
11:46 am

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में अब कुछ ही महीनों का समय शेष है। ऐसे में उम्मीदवार पाठ्यक्रम में शामिल सभी महत्वपूर्ण विषयों पर फोकस कर रहे हैं। प्रारंभिक परीक्षा के लिहाज से अर्थशास्त्र भी महत्वपूर्ण विषय है, इससे कई सवाल पूछे जाते हैं। उम्मीदवार इस खंड में अच्छे अंक लाकर प्रारंभिक परीक्षा में सफलता की संभावनाएं बढ़ा सकते हैं। आइए अर्थशास्त्र में अच्छे अंक लाने के लिए उपयोगी टिप्स जानते हैं।

#1

इन अवधारणाओं को पहले समझें

उम्मीदवार सबसे पहले GDP, रेपो, रिवर्स रेपो, SLR, मुद्रास्फीति, विकास, समावेशन जैसे मूलभूत आर्थिक शब्दों की परिभाषा समझें। इनसे संबंधित अवधारणाएं स्पष्ट होने के बाद आप अन्य भागों को तेजी से कवर कर सकेंगे। अवधारणाओं को समझने के लिए कक्षा 9 की अर्थशास्त्र, कक्षा 10 की आर्थिक विकास, कक्षा 11 की भारतीय आर्थिक विकास, अर्थशास्त्र के लिए सांख्यिकी, कक्षा 12 की परिचयात्मक सूक्ष्म अर्थशास्त्र और परिचयात्मक व्यापक अर्थशास्त्र नामक NCERT किताबों का उपयोग करें

#2

सीमित रखें अध्ययन सामग्री

परीक्षा की तैयारी के दौरान अध्ययन सामग्री सीमित रखना बेहद महत्वपूर्ण हैं। उम्मीदवार ज्यादा किताबों का इस्तेमाल न करें, इससे भ्रम की स्थिति पैदा होती है और रिवीजन करना भी मुश्किल होता है। उम्मीदवार NCERT किताबें पढ़ने के बाद रमेश सिंह की भारतीय अर्थव्यवस्था, नितिन सिंघानिया की सिविल सेवा के लिए भारतीय अर्थव्यवस्था या संजीव वर्मा की भारतीय अर्थव्यवस्था में से किसी 1 किताब का इस्तेमाल करें। किताबों की संख्या से ज्यादा गुणवत्ता पर ध्यान दें।

#3

बजट और आर्थिक सर्वेक्षण पर विशेष ध्यान दें

मुख्य किताबें पढ़ने के बाद उम्मीदवार बजट और आर्थिक सर्वेक्षण को पढ़ें। इससे भारतीय अर्थव्यवस्था में हालिया रुझानों को समझने में मदद मिलेगी। कई बार बजट और आर्थिक सर्वेक्षण से सीधे तौर पर सवाल पूछ लिए जाते हैं, ऐसे में सभी महत्वपूर्ण तथ्यों के नोट्स जरूर बनाएं। इसके अलावा उम्मीदवार आर्थिक विकास से संबंधित प्रासंगिक रिपोर्ट, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग और वैश्विक आर्थिक संस्थानों की एक सूची बनाएं और इसका नियमित तौर पर रिवीजन करें।

#4

प्रारंभिक परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण विषयों की पहचान करें

अर्थशास्त्र में अच्छे अंक लाने के लिए उन महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से कवर करें, जो अक्सर UPSC प्रारंभिक परीक्षा में पूछे जाते हैं। परीक्षा में राजकोष नीति, भारतीय रिजर्व बैंक की मॉनिटरी पॉलिसी, बैलेंस ऑफ पेमेंट, महंगाई, टैक्स, अंतरराष्ट्रीय संगठन, विश्व बैंक, विश्व व्यापार संगठन और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से कई सवाल पूछे जाते हैं, इनके बारे में अच्छे से पढ़ें। इसके अलावा कृषि, निवेश मॉडल, विदेशी व्यापार, गरीबी और बेरोजगारी से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़ें याद करें।

जानकारी

करेंट अफेयर्स को अनदेखा न करें

कई बार परीक्षा में हाल की घटनाओं को लेकर सवाल पूछे जाते हैं। ऐसे में उम्मीदवार प्रत्येक दिन अर्थशास्त्र से जुड़े करेंट अफेयर्स को कवर करें। सरकार द्वारा समाज के अलग-अलग वर्गों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में गहराई से पढ़ें।