UP बोर्ड 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी, ऐसे चेक करें
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने गुरुवार को 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (इंटरमीडिएट) कक्षा का 2026 का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। हाईस्कूल में 90.4 प्रतिशत छात्र और इंटरमीडिएट में 80.32 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। इंटर और हाईस्कूल में इस बार फिर लड़कियों का प्रदर्शन बेहतर रहा। इंटर में 86.32 प्रतिशत लड़कियां और 75.04 प्रतिशत लड़के उत्तीर्ण हुए हैं। हाईस्कूल में भी लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 93.76 प्रतिशत रहा, जबकि 87.30 लड़के उत्तीर्ण हुए हैं।
टॉप
टॉपर भी लड़कियां
हाईस्कूल में सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक पाकर टॉप किया। बाराबंकी की अदिति 97.50 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। सीतापुर की अर्पिता, झांसी के ऋषभ साहू और बाराबंकी की परी वर्मा 97.33 प्रतिशत अंक पाकर तीसरे स्थान पर रहीं। इंटर में सीतापुर की शिखा वर्मा 97.60 प्रतिशत के साथ टॉप रहीं। बरेली की नंदनी गुप्ता और बाराबंकी की श्रेया वर्मा 97.20 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
परिणाम
ऐसे चेक करें परीक्षा परिणाम
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम चेक करने के लिए सबसे पहले उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in या upresults.nic.in पर जाएं। इसमें होमपेज पर UP बोर्ड हाईस्कूल रिजल्ट 2026 (10वीं) या UP बोर्ड इंटरमीडिएट रिजल्ट 2026 (12वीं) लिंक पर जाएं। इसके बाद छात्र अपना रोल नंबर दर्ज करें, जिला और परीक्षा वर्ष चुनकर उसे सबमिट करें। आपका परीक्षा परिणाम स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर सकते हैं या फिर प्रिंट निकाल सकते हैं।