CBSE 12वीं बोर्ड: छात्रा को मिले थे 95.2 प्रतिशत अंक, पुनर्मूल्यांकन करवाने पर हुए 100 फीसदी
क्या है खबर?
रांची की छात्रा अवनी केजरीवाल ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 की टॉपर बन गई हैं। पुनर्मूल्यांकन परिणाम में उसने 500 में से पूरे 500 अंक हासिल किए और वाणिज्य संकाय में देश के सबसे ज्यादा अंक पाने वाले छात्रों में शामिल हो गईं। दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) सेल टाउनशिप, धुर्वा की इस छात्रा को CBSE की ओर से पहले 13 मई को जारी हुए परिणाम में 95.2 प्रतिशत अंक मिले थे।
फैसला
पिछले परिणाम से थी असंतुष्ट
पहले जारी परिणाम से परिवार के संतुष्ट होने के बावजूद अवनी को लगा कि इसकी दोबारा समीक्षा होनी चाहिए। इसलिए उन्होंने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया। यह फैसला बहुत बड़ा बदलाव लाने वाला साबित हुआ। दोबारा मूल्यांकन की प्रक्रिया के बाद संशोधित परिणाम 100 फीसदी हो गया। इससे उन्हें सभी 5 मुख्य विषयों- इंग्लिश कोर, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, इकोनॉमिक्स और एप्लाइड मैथमेटिक्स में पूरे अंक मिले। अतिरिक्त विषय ग्राफिक्स में भी 99 अंक प्राप्त किए।
मेहनत
अपनी मेहनत पर था पूरा भरोसा
अपनी कामयाबी पर बात करते हुए अवनी ने कहा कि उन्हें अपनी मेहनत पर पूरा भरोसा था, इसी वजह से उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच करवाने का फैसला किया। उन्होंने कहा, "जब नतीजे घोषित हुए तो मैं अपने अंकों से पूरी तरह संतुष्ट नहीं थी। मुझे लगा कि मेरे जवाबों को दोबारा जांचा जाना चाहिए और मुझे सालभर की मेहनत पर पूरा भरोसा था।" अवनी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मेंटर सचित सर के सहयोग को दिया।