राजस्थान बोर्ड ने जारी किया कक्षा 8 का परीक्षा परिणाम, 94.50 फीसदी छात्र हुए पास
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने कक्षा 8 की बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल हुए विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से परिणाम देख सकते हैं। कक्षा 8 की परिणाम घोषणा में इस साल कोई मेरिट लिस्ट जारी नहीं की गई है। 8वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि राजस्थान बोर्ड जल्द ही 10वीं और 12वीं के नतीजे घोषित करेगा।
कितने परीक्षार्थी हुए थे शामिल?
इस साल बोर्ड परीक्षा में लगभग 13 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे। 8वीं की परीक्षाएं 21 मार्च से शुरू हुई थी और 11 अप्रैल को खत्म हुई थी। परीक्षा प्रदेश के लगभग 9,500 परीक्षा केंद्रों में दोपहर की पाली में आयोजित हुई थी।
कैसा रहा परीक्षा परिणाम, कितने विद्यार्थी हुए पास?
इस बार कक्षा 8 की परीक्षा में 13 लाख विद्यार्थियों में से 12.33 लाख पास हुए हैं। 8वीं में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 94.50 फीसदी रहा है। लगभग 95,000 विद्यार्थियों ने A ग्रेड और 4.74 लाख विद्यार्थियों ने B ग्रेड हासिल की है। 5.76 लाख छात्रों को C ग्रेड और लगभग 86,000 छात्रों ने D ग्रेड मिली है। इस साल परीक्षा में लगभग 87,000 विद्यार्थी फेल हो गए हैं। फेल विद्यार्थियों को सप्लीमेंट्री परीक्षा देने का मौका मिलेगा।
ऐसे देखें परीक्षा परिणाम
परीक्षा परिणाम देखने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। यहां होमपेज पर उपलब्ध 'राजस्थान 8वीं परीक्षा परिणाम 2023' लिंक पर क्लिक करें। यहां अपना रोल नंबर और पंजीकरण संख्या दर्ज कर सबमिट करें। इसके बाद परिणाम स्क्रीन पर प्रदर्शित होंगे। छात्र SMS के माध्यम से भी परिणाम देख सकेंगे। इसके लिए RESULT (स्पेस) RAJ8 (स्पेस) रोल नंबर टाइप कर 56263 पर भेजना होगा। इसके बाद परिणाम आपके नंबर पर भेज दिया जाएगा।
समझिए ग्रेडिंग सिस्टम
राजस्थान बोर्ड ने 8वीं के विद्यार्थियों को अंकों के अनुसार ग्रेड दी है। 86 से 100 प्रतिशत अंक होने पर A ग्रेड मिली है। 71 से 85 प्रतिशत अंक आने पर B ग्रेड और 51 से 70 प्रतिशत अंक आने पर C ग्रेड दी गई है। अगर 33 से 50 प्रतिशत अंक आए हैं तो D ग्रेड और 33 प्रतिशत से कम अंक आने पर E ग्रेड दी गई है। विद्यार्थियों को मार्कशीट के लिए स्कूल से संपर्क करना होगा।
पिछली बार कैसा रहा था परिणाम?
पिछले साल राजस्थान बोर्ड ने 8वीं का परिणाम 8 जून को घोषित किया था। परीक्षा में विद्यार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 95.5 प्रतिशत रहा था। इनमें लड़कों का पास प्रतिशत 94.97 और लड़कियों का पास प्रतिशत 96.30 रहा था। पिछले साल परीक्षा में लगभग 15 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे। पिछली बार भी बोर्ड की ओर से कोई मेरिट सूची घोषित नहीं की गई थी। इस साल उत्तीर्ण प्रतिशत में हल्की गिरावट देखी गई है।
इस खबर को शेयर करें