JEE मेन 2026 नतीजे जारी: कटऑफ ने बढ़ाई धड़कनें, जानिए कितने हुए सफल
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने JEE मेन 2026 के नतीजे और कटऑफ परसेंटाइल जारी कर दिए हैं। इन कटऑफ को पार करने वाले 2,50,272 छात्र ही अब JEE एडवांस्ड में बैठ पाएंगे। पिछले साल के मुकाबले इस साल मुकाबला थोड़ा ज्यादा मुश्किल रहा, क्योंकि ज्यादातर कैटेगरी के कटऑफ बढ़ गए हैं।
ज्यादातर कैटेगरी के कटऑफ बढ़े, PwBD में गिरावट
अनरिजर्व्ड कैटेगरी का कटऑफ इस साल 93.41 परसेंटाइल रहा, जो पिछले साल के 93.10 परसेंटाइल से ज्यादा है। OBC कैटेगरी के लिए कटऑफ 80.92 परसेंटाइल तय हुआ है, जबकि पहले यह 79.43 परसेंटाइल था। SC कैटेगरी का कटऑफ 63.91 परसेंटाइल हो गया है, जो पिछले साल 61.15 परसेंटाइल था। सबसे बड़ा उछाल ST कैटेगरी में देखने को मिला, जहां कटऑफ 47.90 परसेंटाइल से बढ़कर 52.01 परसेंटाइल पर पहुंच गया है। दिलचस्प बात ये है कि PwBD कैटेगरी के कटऑफ में इस बार मामूली गिरावट आई है और यह पिछले साल के पहले से ही कम अंक से भी गिरकर सिर्फ 0.0023 परसेंटाइल पर आ गया है।