अब UP बोर्ड के कॉमर्स स्ट्रीम के छात्र भी पढ़ेंगे NCERT सिलेबस पर आधारित किताबें
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) यानि उत्तर प्रदेश (UP) बोर्ड पढ़ाई के स्तर को अच्छा करने के लिए लगातार कई प्रयास कर रहा है।
इसी बीच उत्तर प्रदेश बोर्ड से कॉमर्स स्ट्रीम से पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए एक अच्छी खबर है।
जानकारी के अनुसार अब साइंस और आर्ट्स स्ट्रीम की तरह ही कॉमर्स स्ट्रीम के छात्र भी NCERT सिलेबस आधारित किताबें पढ़ेंगे।
आइए जानें क्या है पूरी खबर।
शैक्षणिक सत्र
नए शैक्षणिक सत्र से होगा लागू
UP बोर्ड 2,700 से भी अधिक स्कूलों में 01 अप्रैल, 2020 से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र (2020-21) से कॉमर्स स्ट्रीम के छात्रों के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) के सिलेबस पर आधारित किताबें लाने वाला है।
इससे पहले केवल साइंस और आर्ट्स के छात्र ही NCERT के सिलेबस पर आधारित किताबें पढ़ते थे।
पहले चरण में NCERT पाठ्यक्रम की अकाउंटेंसी और बिजनेस स्टडीज की किताबें 11वीं में शुरू की जाएंगी।
आदेश
जारी हुए ये आदेश
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बोर्ड इस सत्र से 9वीं और 11वीं में अंग्रेजी के लिए NCERT की किताबें भी शुरू करने जा रहा था।
UP बोर्ड की सचिव नीना श्रीवास्तव का कहना है कि प्रमुख सचिव आर रमेश कुमार ने NCERT पर आधारित पाठ्यक्रम के लिए 11वीं कॉमर्स के साथ-साथ 9वीं और 11वीं की अंग्रेजी की किताबें भी 02 जनवरी, 2020 तक प्रकाशित करने के आदेश जारी किए थे।
बयान
शुरू हो चुकी तैयारी
उन्होंने कहा कि बोर्ड ने किताबों के प्रकाशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नई किताबें के प्रकाशन के लिए तकनीकी बोलियां 10 फरवरी, 2020 को मुख्यालय में बोली गई थीं। बोर्ड ने 01 अप्रैल, 2018 को 18 विषयों में NCERT पाठ्यक्रम शुरू किया था।
विषय
इस विषयों में शुरू हुआ NCERT पाठ्यक्रम
बता दें कि 9वीं में साइंस, गणित और सोशल साइंस, 10वीं में गणित और साइंस, 11वीं में हिस्ट्री, जियोग्राफी, नागरिक शास्त्र, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, गणित, फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के अलावा 12वीं में गणित, फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी में NCERT पाठ्यक्रम शुरू हुआ है।
इसके बाद 01 अप्रैल, 2019 से 12वीं में सोशल साइंस के साथ-साथ, हिस्ट्री, जियोग्राफी, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र का NCERT पाठ्यक्रम शुरू हुआ।
जानकारी
कब से शुरू होंगी बोर्ड परीक्षाएं
2020 में 18 फरवरी, 2020 से 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। बोर्ड ने इस बार की बोर्ड परीक्षाओं के लिए कई बदलाव किए हैं। इसके साथ ही बोर्ड ने नकल को रोकने के लिए भी कई इंतेजाम किए हैं।