ICAI ने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स फाउंडेशन का परीक्षा परिणाम घोषित किया, कंसिका और महक गुप्ता अव्वल
क्या है खबर?
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने शुक्रवार 6 नवंबर को सितंबर 2026 सत्र के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स फाउंडेशन के परीक्षा परिणाम की घोषणा कर दी है। इंस्टीट्यूट द्वारा जारी आधिकारिक टॉपर सूची में कंसिका और महक गुप्ता शामिल हैं, जिन्होंने 361 अंकों के साथ अखिल भारतीय रैंक (AIR) में पहला स्थान साझा किया है। परीक्षा में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 18.93 रहा है। स्कोरबोर्ड शाम तक जारी होगा।
परिणाम
कैसे देखें परिणाम?
इंस्टीट्यूट ने बताया कि फाउंडेशन का स्कोरकार्ड शाम तक जारी किया जाएगा। अभ्यर्थी इंस्टीट्यूट की आधिकारिक वेबसाइट caresults.icai.org से मेरिट लिस्ट PDF और टॉपर्स की लिस्ट देख सकते हैं।
अभ्यर्थी पोर्टल के सक्रिय होते ही अपने स्कोरकार्ड एक्सेस करने के लिए अपने लॉगिन क्रेडेंशियल तैयार रखें। छात्र अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और रोल नंबर का इस्तेमाल करके अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
बता दें कि फाउंडेशन स्तर की परीक्षा 2, 5, 7 और 9 सितंबर, 2026 को हुई थी।
परिणाम
पुरुषों ने मारी बाजी
चार्टर्ड अकाउंटेंट्स फाइनल, इंटरमीडिएट और फाउंडेशन की परीक्षा अब एक साल में 3 बार होती है, जो जनवरी, मई और सितंबर में कराई जाती है।
परीक्षा कोर्स के हिसाब से 3 अलग-अलग स्तर पर होता है, इसलिए चार्टर्ड अकाउंटेंट के तौर पर सर्टिफाइड होने के लिए अभ्यर्थियों को सभी कोर्स के स्तर उत्तीर्ण करना जरूरी होता है।
इस बार की फाउंडेशन परीक्षा में पुरुषों ने बाजी मारी है, जिनकी उत्तीर्ण प्रतिशत 20.47 और महिलाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 17.32 है।
मेधावी
टॉपर्स में कौन हैं?
अखिल भारतीय पहली रैंक पाने वाली कंसिका हरियाणा के हिसार से हैं और महक गुप्ता तेलंगाना के हैदराबाद से हैं। दोनों के नंबर और प्रतिशत एक हैं, इसलिए उन्होंने अपनी पहली रैंक साझा की है।
अखिल भारतीय दूसरी रैंक पाने वाले राजस्थान के अजमेर से स्पर्श खंडेलवाल और तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से जे जयंथ हैं। दोनों ने 359 अंक पाए हैं।
AIR तीसरी रैंक पाने वाली मध्य प्रदेश ग्वालियर की वैभवी सिंघल हैं, जिन्होंने 358 अंक पाए हैं।
जानकारी
परीक्षा में केवल 19,736 लोग पास
चार्टर्ड अकाउंटेंट्स फाउंडेशन की परीक्षा में कुल 1.04 लाख छात्र शामिल हुए थे, जिसमें 19,736 लोग पास हुए हैं। यह कुल परिणाम का केवल 18.93 प्रतिशत है। परीक्षा में 53,398 पुरुष और 50,882 महिलाएं बैठी थीं, जिसमें 10,931 पुरुष और 8,805 महिलाएं पास हुई हैं।