दिल्ली में छोटे बच्चों के एडमिशन के लिए दौड़ शुरू, 2 मार्च से मिलेंगे नर्सरी-KG फॉर्म
क्या है खबर?
दिल्ली में अपने कामकाज में व्यस्त अभिभावकों की बच्चों के एडमिशन के लिए दौड़ शुरू होने वाली है। दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नर्सरी-KG से लेकर 12वीं तक की कक्षाओं में प्रवेश का सर्कुलर जारी कर दिया है। स्कूलों में 2 मार्च से 16 मार्च तक आवेदन फॉर्म मिलेंगे। भरे हुए फॉर्मों को स्कूलों के ही ड्रॉप बॉक्स में डालना होगा। स्कूलों में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया क्या है? आइए, जानते हैं।
आवेदन
केवल दिल्ली के बच्चे ही आवेदन के लिए पात्र
आवेदन के लिए सिर्फ दिल्ली के बच्चे पात्र होंगे। उनको अपने घर से 1 किलोमीटर से 3 किलोमीटर की परिधि के स्कूलों में प्राथमिकता मिलेगी। ज्यादा दूरी पर अभिभावकों को शपथ-पत्र देना होगा। आवेदन फॉर्म 16 मार्च तक सुबह 8:30 से 11:30 बजे तक मिलेंगे। 18 मार्च तक आवेदकों की सूची और चयन सूची 23 मार्च को प्रकाशित होगी। प्रवेश प्रक्रिया 24 मार्च से 2 अप्रैल तक चलेगी। इसके बाद प्रतीक्षा सूची के प्रवेश 4-7 अप्रैल के बीच होंगे।
प्रमाणपत्र
ये लगाने होंगे प्रमाणपत्र
स्कूलों में नर्सरी के लिए 3-4 साल, KG में 4-5 साल, कक्षा 1 में 5-6 साल के बच्चों का प्रवेश होगा। आवेदन फॉर्म के साथ जन्म प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, फोटो और आरक्षण प्रमाणपत्र (लागू हो तो) जमा करना होगा। प्रवेश में अनूसचित जाति के बच्चों को 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के बच्चों को 7.5 प्रतिशत, दिव्यांगों को 3 प्रतिशत और सरकारी कर्मचारियों के बच्चों को 2 प्रतिशत का आरक्षण मिलेगा। चयनित छात्रों को 6 महीने में टीकाकरण प्रमाणपत्र देना होगा।
जानकारी
कक्षा 6,9,11 के लिए ऑनलाइन आवेदन
दिल्ली के सीएमश्री स्कूलों में कक्षा 6, 9, 11 में प्रवेश हेतु 12 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन होंगे। आवेदन केवल दिल्ली निवासी कर सकते हैं। एक बार स्कूल मिलने पर बदलाव नहीं होगा। सरकारी स्कूलों से पास 50 प्रतिशत छात्रों के लिए सीटें आरक्षित हैं।