Page Loader
SSC अभ्यर्थियों को बड़ा झटका, MTS और हवलदार भर्ती में घटाए 735 पद
SSC MTS और हवलदार भर्ती में घटाए गए कई पद

SSC अभ्यर्थियों को बड़ा झटका, MTS और हवलदार भर्ती में घटाए 735 पद

लेखन राशि
Oct 12, 2023
03:15 pm

क्या है खबर?

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने मल्टी टास्किंग स्टाफ (गैर तकनीकी) और हवलदार भर्ती परीक्षा, 2022 के लिए अंतिम रिक्तियों की सूची जारी कर दी है। इस भर्ती परीक्षा के जरिए कुल 11,788 पद भरे जाएंगे। इससे पहले भरी जाने वाली रिक्तियों की कुल संख्या 12,523 थी। इस तरह कुल 735 पद घटाए गए हैं। इसके बाद से परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी निराश हो गए हैं। उनका कहना है कि पदों की संख्या घटने से प्रतिस्पर्धा ज्यादा बढ़ेगी।

MTS भर्ती

MTS पदों का ब्यौरा

MTS भर्ती में 18 से 25 आयु वर्ग के कुल 8,519 पद हैं, इसमें 3,766 पद अनारक्षित हैं। अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए 962 और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए 604 पद आरक्षित हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 2,283 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 904 पद आरक्षित हैं। 18 से 27 आयु वर्ग में कुल 2,740 पद भरे जाएंगे, इनमें 1,131 पद अनारक्षित हैं। अन्य पदों पर SC/ST/OBC/EWS उम्मीदवारों को आरक्षण मिलेगा।

हवलदार भर्ती

हवलदार भर्ती में नहीं हुआ परिवर्तन

हवलदार भर्ती में रिक्तियां की संख्या में परिवर्तन नहीं हुआ है। पहले की तरह अब भी 529 पद भरे जाएंगे। इनमें से 201 पद अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए हैं। 106 पद SC वर्ग के लिए और 29 पद ST वर्ग के लिए आरक्षित हैं। 143 पदों पर OBC वर्ग के उम्मीदवारों को और 50 पर EWS वर्ग के उम्मीदवारों को आरक्षण मिलेगा। कुछ पदों पर दिव्यांग वर्ग और पूर्व कर्मचारियों को आरक्षण मिलेगा।

परीक्षा

2 चरणों में हुई थी परीक्षा

SSC MTS और हवलदार भर्ती परीक्षा का आयोजन 2 चरणों में हुआ था। पहला चरण 2 मई से 19 मई तक और दूसरा चरण 13 जून से 20 जून तक आयोजित किया गया था। दोनों चरणों में चयनित उम्मीदवार 25 से 28 सितंबर तक शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल हुए थे। आजतक के मुताबिक, इस भर्ती परीक्षा में 55 लाख से ज्यादा युवाओं ने आवेदन किया था। इस कारण परीक्षा में काफी प्रतिस्पर्धा देखी गई।

परिणाम

कब घोषित होगा परीक्षा परिणाम?

SSC MTS और हवलदार भर्ती के अंतिम चरण की परीक्षा पूरी होने के बाद उम्मीदवार परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिक्तियों की घोषणा के बाद अब SSC परिणाम की घोषणा करेगा। ऐसे में उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाएं रखें। हालांकि, अभी SSC की ओर से परिणाम जारी होने को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है। परीक्षा में शामिल हुए छात्र इस लिंक पर क्लिक कर रिक्तियों का ब्यौरा देख सकते हैं।