श्रीधर वेंबू ने IT सेक्टर पर AI के खतरे को लेकर किया आगाह
जोहो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) श्रीधर वेंबू भारत के IT सेक्टर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के खतरे को लेकर आगाह कर रहे हैं।
उन्होंने हाल ही में जानकारी दी कि AI से नई नौकरियां पैदा नहीं हुई हैं। इसके विपरीत, जोहो जैसी कंपनियां नए कर्मचारियों को रखने के बजाय AI तकनीक और महंगे डाटा सेंटर में ज्यादा निवेश कर रही हैं।
जोहो नहीं बढ़ा रही टीम
वेंबू ने साफ किया है कि जोहो में किसी को निकाला नहीं गया है, लेकिन नई भर्ती भी नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि आजकल कंपनियां टीम बढ़ाने की बजाय अपने बजट को बेहतर सिस्टम बनाने में लगा रही हैं।
उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या सच में दुनिया को अभी और ज्यादा सॉफ्टवेयर की जरूरत है। भविष्य के बारे में बात करते हुए उनका मानना है कि सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री की रफ्तार धीमी पड़ेगी क्योंकि कंपनियां अब गुणवत्ता पर ज्यादा जोर देंगी।
साथ ही, उन्होंने याद दिलाया कि ऑटोमेशन से चीजों को सस्ता बनाना तभी फायदेमंद होगा, जब लोगों के पास उन्हें खरीदने के लिए पर्याप्त पैसे हों।