जिफ डेविस डाउनडिटेक्टर और ऊकला समेत कई ब्रांड्स एक्सेंचर को बेचेगी, जानिए सौदे की कीमत
क्या है खबर?
अमेरिका की डिजिटल मीडिया कंपनी जिफ डेविस ने अपने कनेक्टिविटी डिवीजन को बेचने का फैसला किया है। कंपनी ने यह कारोबार एक्सेंचर को लगभग 1.2 अरब डॉलर (करीब 110 अरब रुपये) में नकद सौदे में बेचने का समझौता किया है। इस डील में कई बड़े इंटरनेट और नेटवर्क मॉनिटरिंग ब्रांड शामिल हैं। कंपनी ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी और बताया कि यह सौदा आने वाले महीनों में पूरा किया जाएगा।
ब्रांड्स
कई बड़े ब्रांड्स होंगे ट्रांसफर
इस डील में डाउनडिटेक्टर, ऊकला, स्पीडटेस्ट, एकाहाउ और रूटमेट्रिक्स जैसे लोकप्रिय ब्रांड शामिल हैं। ये सभी इंटरनेट स्पीड टेस्ट, नेटवर्क मॉनिटरिंग और कनेक्टिविटी से जुड़ी सेवाएं देते हैं। कंपनी के मुताबिक, इन ब्रांड्स ने साल 2025 में करीब 23.1 करोड़ डॉलर का (लगभग 2,100 करोड़ रुपये) का राजस्व कमाया था। यह कंपनी की कुल आमदनी का लगभग 16 प्रतिशत हिस्सा था, जिससे इस डिवीजन की अहमियत साफ दिखाई देती है।
अन्य
पहले खरीदे गए थे ये ब्रांड
जिफ डेविस ने साल 2014 में ऊकला को खरीदा था, जिसके बाद कंपनी ने कनेक्टिविटी सेक्टर में तेजी से विस्तार किया है। इसके बाद डाउनडिटेक्टर, एकाहाउ और रूटमेट्रिक्स जैसे अन्य ब्रांड भी अलग-अलग समय पर खरीदे गए। कंपनी के CEO विवेक शाह ने कहा कि यह डिवीजन कंपनी के लिए सफल निवेश रहा है और इससे अच्छा रिटर्न मिला है, लेकिन अब कंपनी अपने मुख्य डिजिटल मीडिया कारोबार पर ज्यादा ध्यान देना चाहती है।
उपयोग
पैसे का होगा दूसरे कामों में उपयोग
कंपनी ने बताया कि यह सौदा पूरा होने में अभी कुछ और महीने लग सकते हैं। इस दौरान कनेक्टिविटी कारोबार पहले की तरह चलता रहेगा। डील पूरी होने के बाद जिफ डेविस को मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी के सामान्य कॉर्पोरेट कामों, निवेश योजनाओं और बकाया कर्ज को संभालने के लिए किया जाएगा। कंपनी का कहना है कि वह भविष्य में डिजिटल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े नए अवसरों पर ज्यादा ध्यान देगी।