जेटवर्क के IPO से शुरुआती निवेशकों को मिल सकता है 38 गुना मुनाफा
बिज़नेस
बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) मैन्युफैक्चरिंग प्लेटफॉर्म जेटवर्क जल्द ही शेयर बाजार में दस्तक देने वाला है। इसके शेयर की कीमत 143 से 151 रुपये प्रति शेयर तय की गई है।
अगर, शेयर की कीमत सबसे ज्यादा 151 रुपये रहती है तो कंपनी का कुल बाजार मूल्यांकन 25,583 करोड़ रुपये हो जाएगा। इससे केई कैपिटल और एक्सल जैसे शुरुआती निवेशकों को अपनी लगाई गई रकम का 38 गुना तक मुनाफा मिल सकता है।
5,012 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य
इस आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) से कंपनी 5,012 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसमें से करीब 1,152 करोड़ रुपये ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए सीधे शुरुआती निवेशकों के पास जाएंगे।
यह कदम न केवल जेटवर्क की जबरदस्त ग्रोथ को दिखाता है, बल्कि उन शुरुआती निवेशकों को भी मोटा मुनाफा कमाने का मौका देता है, जिन्होंने शुरू से ही कंपनी पर भरोसा जताया था।