ज़ेरोधा ने लॉन्च किया लाइफ साइकिल फंड 2031, 100 रुपये से कर सकते हैं निवेश शुरू
जेरोधा फंड हाउस ने जेरोधा लाइफ साइकिल फंड 2031 नाम का एक टारगेट-डेट म्यूचुअल फंड लॉन्च किया है। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है, जिससे लोग अपने वित्तीय लक्ष्यों के करीब पहुंचते हुए समझदारी से निवेश कर सकें।
यह न्यू फंड ऑफर (NFO) 27 अगस्त से 10 सितंबर तक निवेश के लिए खुला रहेगा। इस साल की शुरुआत में 2036 और 2041 वाले वर्जन लॉन्च करने के बाद यह इस सीरीज का उनका तीसरा फंड है।
अपने आप सुरक्षित एसेट्स की ओर बदलता है फंड
जैसे-जैसे 2031 करीब आता जाएगा, यह फंड अपने आप ऊंचे जोखिम वाले एसेट्स (जैसे शेयर) से हटकर बॉन्ड और सोने जैसे सुरक्षित एसेट्स में निवेश कर देगा। इसमें आप केवल 100 रुपये से निवेश शुरू कर सकते हैं।
इसमें कोई लॉक-इन पीरियड नहीं है। हालांकि, एग्जिट लोड लागू हो सकता है। टैक्स के नजरिए से इसे इक्विटी फंड ही माना जाएगा। जब यह फंड मैच्योर होगा तो आप चाहें तो अपना पैसा निकाल सकते हैं या फिर निवेशित रह सकते हैं।
उस समय के लागू नियमों के हिसाब से इस फंड को सबसे करीब मैच्योर होने वाले लाइफ साइकिल फंड के साथ मिलाया भी जा सकता है।