जेरोधा ने SEBI से टॉप मर्चेंट बैंकिंग लाइसेंस के लिए किया आवेदन
स्टॉक ब्रोकर और फाइनेंशियल सर्विस कंपनी जेरोधा अब इंवेस्टमेंट बैंकिंग के क्षेत्र में कदम रखने जा रही है। उसने अपनी एक सहायक कंपनी के जरिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) से टॉप-टियर मर्चेंट बैंकिंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया है। इसका मकसद सिर्फ ट्रेडिंग तक सीमित न रहकर ग्राहकों को और ज्यादा वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराना है।
मंजूरी मिलने पर कंपनी कर पाएगी IPOs प्रबंधित
अगर, इस लाइसेंस को मंजूरी मिलती है तो जेरोधा आरंभिक सार्वजनिक निर्गमों (IPOs) को मैनेज करना शुरू कर सकेगी और कंपनियों को फंड जुटाने में मदद भी कर पाएगी।
इस कदम से जेरोधा JM फाइनेंशियल और कोटक महिंद्रा कैपिटल जैसे बड़े नामों के साथ इसी श्रेणी में शामिल हो जाएगा। यह फैसला कंपनी के उस कदम के बाद आया है, जब उसने अपने कॉइन प्लेटफॉर्म पर फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में निवेश की सुविधा शुरू की थी। इससे जेरोधा अपने ग्राहकों को एक ही जगह पर अपनी पूंजी बढ़ाने के और भी कई विकल्प देना चाहती है।