आधार में यह जानकारी अपडेट करने के लिए नहीं देना होगा शुल्क, जानिए कैसे उठाएं फायदा
क्या है खबर?
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने 6 महीने के लिए आधिकारिक आधार मोबाइल ऐप के जरिए आधार कार्ड में ईमेल एड्रेस अपडेट करने पर लगने वाला 75 रुपये का शुल्क माफ कर दिया है। आप 1 जुलाई से 31 दिसंबर तक आधार ऐप के जरिए अपना ईमेल एड्रेस फ्री में अपडेट कर सकेंगे। UIDAI ने कहा है कि ज्यादा लोगों को अपनी आधार जानकारी अपडेट रखने के लिए प्रोत्साहित करने के मकसद कुछ समय के लिए यह शुल्क हटाया है।
पोर्टल
पोर्टल पर भी मिल रही फ्री सुविधा
यह कदम UIDAI की ओर से एमआधार पोर्टल पर मुफ्त ऑनलाइन अपडेट सुविधा को 14 जून, 2027 तक बढ़ाने के कुछ दिनों बाद उठाया गया है। इस सुविधा के तहत निवासी पहचान का प्रमाण (PoI) और पते का प्रमाण (PoA) वाले दस्तावेजों को ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं, जिसके लिए उन्हें आधार सेंटर्स पर लगने वाली फीस नहीं देनी होगी। प्राधिकरण ने हाल के महीनों में एमआधार पोर्टल और ऐप के जरिए डिजिटल आधार सेवाओं को बढ़ावा दिया है।
तरीका
ऐसे कर सकते हैं पोर्टल पर जानकारी अपडेट
ऑनलाइन आधार दस्तावेजों को अपडेट करने के लिए आपको एमआधार पोर्टल पर जाना होगा। आधार नंबर और OTP का इस्तेमाल करके लॉग-इन करें और मान्य PoI और PoA दस्तावेज की स्कैन की हुई कॉपी अपलोड करने के बाद ऑनलाइन रिक्वेस्ट सब्मिट कर दें। आवेदन का स्टेटस ट्रैक करने के लिए 14 अंकों वाला अपडेट रिक्वेस्ट नंबर (URN) सेव कर लें। जांच के बाद प्राधिकरण आपके कार्ड की ये जानकारियां अपडेट कर देगा।