ब्रिटिश विज्ञापन कंपनी WPP करेगी 1,000 कर्मचारियों की छंटनी
विज्ञापन जगत की बड़ी कंपनी WPP ने 2026 के अंत तक 1,000 और कर्मचारियों की छंटनी करने का फैसला किया है। पिछले साल की शुरुआत से अब तक कंपनी 11,000 से ज्यादा लोगों को काम से निकाल चुकी है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सिंडी रोज कंपनी को नया रूप देने और बाजार में प्रतिस्पर्धी बने रहने के लिए ये कदम उठा रही हैं।
AI के कारण भी कम हो रही नौकरियां
पैसे बचाने और कामकाज को ज्यादा बेहतर बनाने के लिए WPP अपनी गैर-प्रमुख संपत्तियों को बेच रही है। साथ ही, कंपनी अपने दफ्तरों का आकार भी घटा रही है। इसका एक उदाहरण है कि लंदन में उसने अपने दफ्तरों को 3 इमारतों से घटाकर 2 कर दिया है।
इस साल कंपनी ने कम से कम 20 करोड़ पाउंड (करीब 2,550 करोड़ रुपये) की संपत्ति बेचने का लक्ष्य रखा है। ये छंटनी केवल WPP तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पूरा विज्ञापन जगत इस दबाव से जूझ रहा है।
नौकरियों के जाने के कुछ ही मामले सीधे तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े हैं, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि रीस्ट्रक्चरिंग प्लान अब AI टूल्स को ध्यान में रखकर बनाए जा रहे हैं। AI आधारित सिस्टम अब तेजी से और बड़े पैमाने पर विज्ञापन का कंटेंट और कैंपेन प्लान तैयार कर सकते हैं, जिससे कुछ खास तरह की नौकरियों की जरूरत कम हो गई है।