पिछले 3 महीनों में सोने की तस्करी 1,500 फीसदी उछली
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार, भारत में सोने की तस्करी में महज 3 महीनों में 1,500 फीसदी से भी ज्यादा की बढ़ोतरी देखी गई है। जुलाई से सितंबर के दौरान गैर-कानूनी तरीके से सोने का आयात 3 टन से बढ़कर 50 टन तक पहुंच गया।
ऐसा तब हुआ, जब सरकार ने इसी साल बढ़ती ऊर्जा कीमतों के कारण हुए व्यापार घाटे को कम करने के लिए सोने पर आयात शुल्क 15 फीसदी तक बढ़ा दिया था।
टैक्स बढ़ने से सोना हुआ महंगा
टैक्स बढ़ने की वजह से अब कानूनी तरीके से सोना खरीदना काफी महंगा हो गया है। ऐसे में कई लोग ग्रे मार्केट और अनौपचारिक तरीकों का सहारा ले रहे हैं।
कुछ यात्री कस्टम अधिकारियों की नजरों से बचकर सोना देश में लाते हैं तो कुछ परिवार शादी या दिवाली जैसे मौकों के लिए बिना पक्के बिल के सोना खरीद लेते हैं।
हालांकि, दिवाली के दौरान सोने की मांग में अक्सर बढ़ोतरी होती है, लेकिन इस बार ज्वैलर्स भी नई खरीद करने से बच रहे हैं। इसकी एक बड़ी वजह अक्टूबर में सोने की कीमतों में 6.8 फीसदी की गिरावट है।