विस्कॉन इंडस्ट्रीज ने लॉन्च किया 110 करोड़ रुपये का IPO, कितनी है एक शेयर की कीमत?
विस्कॉन इंडस्ट्रीज ने हाल ही में 110 करोड़ रुपये का अपना आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) बाजार में उतारा है। कंपनी के प्रति शेयर की कीमत 194 से 204 रुपये के बीच तय की गई है।
यह ऑफर 29 अक्टूबर तक खुला रहेगा। कंपनी इस IPO के जरिए नई मशीनें खरीदने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और मार्केटिंग के लिए पैसे जुटाना चाहती है।
खुदरा निवेशकों को लेने होंगे न्यूनतम 1,200 शेयर
इस IPO में 43.14 लाख शेयरों का नया इश्यू शामिल है, जिसकी कीमत 88.01 करोड़ रुपये है। साथ ही 10.78 लाख शेयरों की ऑफर फॉर सेल (OFS) भी है, जिससे 22 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे।
अगर, आप इसमें निवेश करने की सोच रहे हैं तो खुदरा निवेशकों को कम से कम 1,200 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी। इसका मतलब है कि अधिकतम कीमत पर कम से कम 2.44 लाख रुपये का निवेश करना होगा।
आवंटन के नतीजे शुक्रवार (30 अक्टूबर) को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। विस्कॉन इंडस्ट्रीज के 3 नवंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) लघु एवं मध्यम उद्याेग (SME) प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होने की संभावना है। IPO लॉन्च से ठीक पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से 25.01 करोड़ रुपये भी जुटाए थे।