क्यों IDBI बैंक के कर्मचारी 3 दिसंबर को करेंगे हड़ताल? जानिए इस विरोध की वजह
क्या है खबर?
IDBI बैंक को कनाडा की फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स को बेचे जाने के प्रस्ताव के विरोध में बैंक यूनियनों ने 3 दिसंबर को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। 2 महीनों में यह दूसरी हड़ताल है। यूनियन सरकार पर दबाव डाल रही हैं कि वह इस बिक्री को रद्द कर दे। उनका तर्क है कि प्रबंधन का नियंत्रण विदेशी कंपनी को सौंपने से बैंक का सार्वजनिक क्षेत्र वाला स्वरूप खत्म हो सकता है। इस बैंक में 19,000 से अधिक कर्मचारी हैं।
मांग
क्या है अधिकारी-कर्मचारियों की मांग?
यूनियन ने यह सवाल भी उठाया कि क्या इस अधिग्रहण से अप्रत्यक्ष रूप से IDBI बैंक के अपने संसाधनों का इस्तेमाल हो सकता है?
साथ ही उन्होंने CSB बैंक लिमिटेड पर फेयरफैक्स के मौजूदा नियंत्रण की ओर भी इशारा किया, जिसमें इस कनाडाई कंपनी की 40 फीसदी हिस्सेदारी है।
इसके अलावा, फेयरफैक्स के बैंकिंग अनुभव, सौदे के मूल्यांकन और अन्य बैंकों में हिस्सेदारी से जुड़ी चिंताओं की जांच न होने तक सौदे को मंजूरी न देने का आग्रह किया है।
सौदा
क्या हुआ है सौदा?
कनाडाई अरबपति प्रेम वत्सा द्वारा स्थापित फेयरफैक्स ने पिछले महीने IDBI बैंक में 60.72 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने पर सहमति जताई है।
सरकार ने भी 14 अक्टूबर को लगभग 5.5 अरब डॉलर (53,000 करोड़ रुपये) में हिस्सेदारी बेचने की मंजूरी दी थी।
इससे सरकार लंबे समय से योजनाबद्ध बैंक के निजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के एक कदम और करीब आ गई है। यह सौदा भारत के वित्तीय सेवा क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश होगा।