अचानक क्यों टली 3 दिन होने वाली बैंकों की हड़ताल? जानिए वजह
क्या है खबर?
28 से 30 सितंबर तक होने वाली तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल टाल दी गई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 27 सितंबर को जारी सर्कुलर में इसकी जानकारी दी। हड़ताल टालने का फैसला इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और बैंक यूनियनों के बीच रविवार रात हुई बैठक के बाद लिया गया। बैठक में कुछ मांगों पर आगे बातचीत करने पर सहमति बनी है। इससे तीन दिनों में बैंक बंद रहने की स्थिति फिलहाल टल गई।
वजह
पांच दिन के बैंकिंग हफ्ते पर बनी बात
हड़ताल टालने की बड़ी वजह पांच दिन के बैंकिंग हफ्ते की मांग पर बातचीत का रास्ता खुलना है।
IBA और UFBU के प्रतिनिधियों वाली समिति अब सभी शनिवार को छुट्टी देने के मुद्दे पर चर्चा करेगी। समिति अलग-अलग विकल्पों पर विचार करेगी और ग्राहकों समेत सभी पक्षों की राय भी लेगी।
बैंक यूनियनों की मांग है कि शनिवार और रविवार छुट्टी हो, जबकि कर्मचारी सोमवार से शुक्रवार तक रोज 40 मिनट ज्यादा काम करने को तैयार हैं।
PLI
PLI योजना में बदलाव पर चर्चा
हड़ताल टालने की दूसरी वजह अधिकारियों की प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना पर बातचीत शुरू होना है।
स्केल चार और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू PLI योजना में यूनियनों ने बदलाव की मांग की है। बैठक में तय हुआ कि IBA यूनियनों की आपत्तियों को देखते हुए सरकार को बदलाव का प्रस्ताव देगा।
इसके अलावा, 8 मार्च, 2024 के समझौते में बचे दूसरे मुद्दों पर भी जल्द बातचीत की जाएगी। इन फैसलों के बाद हड़ताल टालने पर सहमति बनी।
बातचीत
आगे भी जारी रह सकती है बातचीत
बैंक यूनियनों ने पहले 11 सितंबर को भी एक दिन की देशव्यापी हड़ताल की थी।
28 से 30 सितंबर की हड़ताल के बाद मांगें नहीं माने जाने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई थी। फिलहाल यह आंदोलन भी टाल दिया गया है।
हड़ताल से पहले 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक ग्राहकों के लिए खुले थे। सरकार ने यह कदम बैंकिंग सेवाओं में रुकावट कम करने के लिए उठाया था।