
पिछले हफ्ते की गिरावट के बाद शेयर बाजार में आज क्यों देखने को मिल रही तेजी?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार पिछले हफ्ते की गिरावट के बाद आज (21 जुलाई) तेजी देखने को मिल रही है। कारोबारी दिन शुरू होने के कुछ देर बाद सेंसेक्स 300 अंकों के ऊपर चढ़ गया। दोपहर 02:05 बजे सेंसेक्स 200.82 अंक बढ़कर 81,958.55 और निफ्टी 53.20 अंक चढ़कर 25,023.60 पर पहुंचा। ब्लू-चिप और बैंकिंग शेयरों के दम पर बाजार में मजबूती आई। आइए जानते हैं आज बाजार में तेजी के पीछे क्या वजहें हैं।
वजह
बाजार में तेजी की अहम वजहें
भारतीय शेयर बाजार में आज की तेजी की एक बड़ी वजह है बैंकिंग और मेटल सेक्टर में आई मजबूती। ICICI बैंक, HDFC बैंक जैसे दिग्गज शेयरों में निवेशकों ने भरोसा दिखाया, जिससे बाजार को सहारा मिला। इसके साथ ही निफ्टी मेटल इंडेक्स में 1 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली, जिसका कारण है वैश्विक स्तर पर मेटल कीमतों में सुधार। ऑटो सेक्टर में भी अच्छी खरीदारी से बाजार को सकारात्मक संकेत मिले हैं।
विदेशी बाजार
कुछ सेक्टरों में गिरावट बनी रही
आज भारतीय शेयर बाजार को अमेरिका और एशियाई शेयर बाजारों से मिले मजबूत संकेतों का फायदा मिला। जापान, हांगकांग और अमेरिका के बाजारों में कल मजबूती रही, जिससे निवेशकों में सकारात्मक भावना बनी। अमेरिका में ब्याज दरें स्थिर रहने की उम्मीद और डॉलर में कमजोरी ने भी विदेशी निवेशकों को आकर्षित किया। इससे फॉरेन पोर्टफोलियो इन्वेस्टर्स (FPI) ने खरीदारी बढ़ाई, जो सेंसेक्स और निफ्टी की मजबूती में बड़ी वजह रही।
अन्य
तकनीकी संकेत और व्यापारिक उम्मीदों ने बढ़ाया भरोसा
निफ्टी और सेंसेक्स दोनों ने आज शुरुआती कमजोरी के बाद मजबूत सपोर्ट स्तर से ऊपर जाकर कारोबार किया। तकनीकी विश्लेषण के अनुसार, निफ्टी ने 24,900 के पास सपोर्ट लिया, जिससे ट्रेडरों को खरीदारी का भरोसा मिला। इसके अलावा, भारत और अमेरिका के बीच संभावित व्यापारिक समझौतों की खबरों ने भी बाजार में उत्साह बढ़ाया है। निवेशकों को उम्मीद है कि इससे निर्यात और कंपनियों के प्रदर्शन में सुधार हो सकता है, जिससे शेयरों की मांग बढ़ी।