SAP में क्यों हो रही 10,000 कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी?
क्या है खबर?
जर्मनी की सॉफ्टवेयर कंपनी SAP दुनियाभर में करीब 10,000 कर्मचारियों की छंटनी करने पर विचार कर रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना से कंपनी के कुल कर्मचारियों में से कम से कम 9 प्रतिशत प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि कितने पद खत्म किए जाएंगे। कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच अपने कामकाज और संगठन की संरचना में बदलाव की तैयारी कर रही है।
वजह
AI के कारण क्यों बदल रही है कंपनी की रणनीति?
SAP अपने कारोबार में AI का इस्तेमाल बढ़ाना चाहती है।
कंपनी के CEO क्रिश्चियन क्लेन अपने सॉफ्टवेयर उत्पादों में AI तकनीक को शामिल करने पर जोर दे रहे हैं। इसके तहत कंपनी उत्पाद बनाने, विकसित करने और बेचने के तरीकों को बदलना चाहती है।
SAP उन विभागों की समीक्षा कर रही है, जहां नई तकनीक के इस्तेमाल से कामकाज का तरीका बदल सकता है। इसी प्रक्रिया में कर्मचारियों की संख्या घटाने पर विचार हो रहा है।
असर
किन कर्मचारियों और विभागों पर पड़ेगा असर?
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, इंजीनियरिंग और बिक्री विभागों में कर्मचारियों की संख्या घटाई जा सकती है।
दूसरी टीमों से भी ऐसे क्षेत्रों की पहचान करने को कहा गया है, जहां संगठनात्मक बदलाव संभव हैं। हालांकि, छंटनी की अंतिम संख्या अभी तय नहीं है। कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के बाद इसमें बदलाव हो सकता है।
कंपनी ने प्रस्तावित छंटनी की पुष्टि नहीं की और कहा है कि वह कारोबार की जरूरतों के अनुसार संगठन की समीक्षा करती रहती है।
छंटनी
पहले भी 10,000 पद खत्म कर चुकी है SAP
SAP ने 2024 में भी करीब 10,000 पदों को खत्म करने की योजना बनाई थी।
इस प्रक्रिया पर कंपनी ने लगभग 3 अरब यूरो खर्च किए थे। फिलहाल कंपनी में दुनियाभर में 1.10 लाख कर्मचारी काम करते हैं। जर्मनी में कर्मचारियों को 2028 तक नौकरी की सुरक्षा से जुड़ी गारंटी मिली हुई है।
कंपनी के वित्त प्रमुख डोमिनिक असम ने हाल ही में कहा था कि इस साल कर्मचारियों की संख्या बढ़ी है, लेकिन आगे ऐसा होना जरूरी नहीं है।