बजट से पहले शेयर बाजार में क्यों देखने को मिली मजबूती? यहां जानिए वजह
क्या है खबर?
बजट 2026 से पहले शेयर बाजार में रविवार को मजबूती देखने को मिल रही है। शेयर बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स में तेजी देखने को मिली है। सेंसेक्स 13 अंक चढ़कर 82,282.82 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 7.90 अंक गिरकर 25,312.75 पर आ गया है। आज दिनभर बाजार में उतार-चढ़ाव भरा माहौल बना रह सकता है। निवेशकों ने बजट से पहले सतर्क रहते हुए सीमित खरीदारी को तरजीह दी है।
बयान
तेल सौदे को लेकर बयान से मिला सपोर्ट
बाजार को सपोर्ट देने वाला एक बड़ा कारण अमेरिका से जुड़ी खबर रही। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद यह संकेत मिला कि भारत ईरान के बजाय वेनेजुएला से तेल खरीद सकता है। इससे अमेरिकी दबाव में आए एक्सपोर्ट सेक्टर को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। निवेशकों को लगा कि इससे भारत पर टैरिफ का असर कुछ हद तक कम हो सकता है, जिससे बाजार का भरोसा मजबूत हुआ।
बजट
बजट से जुड़ी उम्मीदों ने बढ़ाया भरोसा
बजट 2026 से पहले बाजार निवेशकों की नजर सरकार के पूंजीगत खर्च, वित्तीय अनुशासन और साफ नीति संकेतों पर टिकी हुई है। बाजार को उम्मीद है कि सरकार बुनियादी ढांचे और विकास से जुड़े क्षेत्रों पर खर्च जारी रखेगी। इसके साथ ही टैक्स व्यवस्था में स्थिरता बनाए रखी जाएगी। इन्हीं उम्मीदों के चलते निवेशकों ने ज्यादा घबराहट नहीं दिखाई और बाजार में बड़ी बिकवाली से बचाव देखने को मिला है।
विदेशी निवेश
विदेशी निवेश और तकनीकी स्तरों की भूमिका
शेयर बाजार को विदेशी निवेशकों की खरीदारी से भी आज बहुत सहारा मिलता दिख रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने हाल ही में बड़ी मात्रा में शेयर खरीदे हैं। इसके अलावा, तकनीकी स्तरों पर भी बाजार कुछ हद तक मजबूत दिखा है। विशेषज्ञों का मानना है कि निफ्टी में अभी सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, जब तक बजट से कोई साफ दिशा सामने नहीं आती है।