छंटनी के बजाय क्यों स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का ऑफर दे रही हैं टेक कंपनियां?
क्या है खबर?
टेक कंपनियां अब कर्मचारियों की छंटनी करने के बजाय उन्हें स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प दे रही हैं। माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और मेटा ने हाल ही में अपने कुछ कर्मचारियों के लिए इस तरह के ऑफर पेश किए हैं। इसके तहत नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों को आर्थिक पैकेज, कई महीनों की सैलरी और आगे के करियर की तैयारी के लिए सुविधाएं मिल सकती हैं। हालांकि, ये ऑफर सभी कर्मचारियों के लिए नहीं हैं और इनकी शर्तें अलग-अलग हैं।
वजह
क्यों ऐसा ऑफर दे रही हैं टेक कंपनियां?
टेक कंपनियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है।
इसके चलते कंपनियां अपने काम करने के तरीके और कर्मचारियों की जरूरतों में बदलाव कर रही हैं। अब कई ऐसे काम भी AI की मदद से किए जा सकते हैं, जिनके लिए पहले बड़ी टीम की जरूरत पड़ती थी।
ऐसे में कंपनियां अपने कर्मचारियों की संख्या घटाने और नए तकनीकी क्षेत्रों के लिए टीम तैयार करने पर ध्यान दे रही हैं।
अन्य वजह
AI पर खर्च बढ़ाने के लिए घटा रहीं दूसरे खर्च
टेक कंपनियां AI की दौड़ में आगे रहने के लिए डाटा सेंटर, कंप्यूटर चिप और नई तकनीक पर अरबों डॉलर खर्च कर रही हैं।
मेटा ने 2026 में AI और डाटा सेंटर से जुड़े कामों पर 135 से 145 अरब डॉलर खर्च करने का लक्ष्य रखा है। गूगल भी AI और क्लाउड सेवाओं में निवेश बढ़ा रही है।
इस बढ़ते खर्च के बीच कंपनियां दूसरे विभागों में कर्मचारियों की संख्या और परिचालन लागत कम करने की कोशिश कर रही हैं।
गूगल
गूगल और मेटा कर्मचारियों को दे रहे ये सुविधाएं
गूगल ने कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, जापान और स्विट्जरलैंड में स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प बढ़ाया है।
स्विट्जरलैंड में कर्मचारियों को नौकरी के हर साल के बदले एक महीने की सैलरी देने की पेशकश की गई, जिसकी अधिकतम सीमा 12 महीने है।
वहीं, फ्रांस में मेटा के प्रस्ताव के तहत हर साल की सेवा पर 2.15 महीने का वेतन और 10 महीने की करियर छुट्टी मिलेगी। इस दौरान कर्मचारियों को 80 प्रतिशत वेतन दिया जाएगा।
माइक्रोसॉफ्ट
माइक्रोसॉफ्ट के ऑफर में भारत के कर्मचारी भी शामिल
माइक्रोसॉफ्ट ने भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में चुनिंदा कर्मचारियों के लिए स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प पेश किया है।
कंपनी के स्तर 70 या उससे नीचे के योग्य कर्मचारी इसका लाभ ले सकते हैं। उन्हें नौकरी छोड़ने के बदले आर्थिक पैकेज और आगे के करियर की योजना बनाने के लिए जरूरी संसाधन दिए जाएंगे।
हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट ने इस ऑफर के तहत मिलने वाली रकम का खुलासा नहीं किया है। इसमें कौन-से विभाग शामिल होंगे, इसका फैसला कंपनी करेगी।