Page Loader
सोशल मीडिया पर क्यों हो रही है भारत में हुंडई के बहिष्कार की मांग?
क्यों हो रही हुंडई के बहिष्कार की मांग?

सोशल मीडिया पर क्यों हो रही है भारत में हुंडई के बहिष्कार की मांग?

लेखन अविनाश
Feb 07, 2022
06:21 pm

क्या है खबर?

भारत में तीसरी सबसे ज्यादा गाड़ियां बेचने वाली हुंडई कंपनी अचानक विवादों में घिर गई है। कंपनी से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा कश्मीर पर विवादास्पद टिप्पणियां पोस्ट करने के बाद भारत में ट्वीटर पर 'बॉयकॉट हुंडई' ट्रेंड करने लगा। हुंडई इंडिया ने विवाद पर एक बयान जारी कर कहा है कि वह भारतीय राष्ट्रवाद का सम्मान करती है। हालांकि, कंपनी के बहिष्कार की मांग लगातार बढ़ रही है। आइए, इस बारे में जानते हैं।

शुरुआत

कहां से शुरू हुआ मामला?

यह पूरा विवाद शुरू होता है हुंडई पाकिस्तान के एक ट्वीट के साथ। 5 फरवरी को हुंडई पकिस्तान ने एक ट्वीट किया था। उसमें कंपनी ने लिखा था कि कश्मीर को आजादी दिलाने में शहीद भाइयों को याद करते हुए वे उनकी सपोर्ट में खड़े हैं क्योंकि आजादी की लड़ाई अभी भी चल रही है। बता दें, 5 फरवरी को पाकिस्तान 'कश्मीर एकता दिवस' के तौर पर मनाता है। ऐसे ट्वीट करके हुंडई नेगेटिव मार्केटिंग में फंस गई।

ट्वीट

ट्वीटर पोस्ट से मचा बवाल

भारत में इस पोस्ट ने बड़े पैमाने पर आक्रोश पैदा किया, लोगों द्वारा कार निर्माता के बहिष्कार की मांग करते हुए हजारों ट्वीट पोस्ट किए जा रहे हैं। विवाद के बीच हुंडई पाकिस्तान और हुंडई इंडिया ने अपने ट्विटर खातों को प्राइवेट बना दिया, यानी उनके ट्वीट्स केवल उनके फॉलोवर्स ही देख सकते हैं। भारत समेत दुनियाभर में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों ने हुंडई के इस बर्ताव पर नाराजगी जताई और सीधे तौर पर माफी मांगने को कहा।

बयान

कंपनी ने बचाव में दिया यह बयान

जवाब में कंपनी ने रविवार शाम एक आधिकारिक बयान जारी किया। कंपनी ने कहा कि भारत में वह पिछले 25 साल से कारोबार कर रही है और राष्ट्रीयता की भावना का तहे दिल से सम्मान करती है। हुंडई ने कहा, 'कंपनी से जोड़कर किया गया सोशल मीडिया पोस्ट इस देश के प्रति हमारी प्रतिबद्धता के खिलाफ है। भारत हमारा दूसरा घर है। हम इस देश और यहां के लोगों की बेहतरी के प्रयास करते रहेंगे।'

ट्विटर पोस्ट

कंपनी के जारी किया यह बयान

प्रतिक्रिया

हुंडई के बयान को लोगों और राजनेताओं ने किया खारिज

प्रमुख राजनेताओं सहित कुछ लोगों ने कहा कि यह बयान पर्याप्त नहीं है। शिवसेना पार्टी से सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट किया, 'हेल्लो हुंडई, इतने सारे बेकार के शब्दों की जरूरत नहीं है। आपको केवल इतना कहना है- हमें स्पष्ट रूप से खेद है। बाकी सब अनावश्यक है।' वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य विजय चौथवाले ने कहा, 'आपको बताना होगा कि क्या आप पाकिस्तान हुंडई के बयानों का समर्थन करते हैं?'